तिलक नगर पुलिस ने बुलेट सवार शातिर वाहन चोर को किया गिरफ्तार; चोरी की बुलेट और दो स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला अंतर्गत तिलक नगर थाना टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान कुलदीप उर्फ जांगड़ा (24 वर्ष), निवासी सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के पास, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल और दो चोरी की स्कूटी बरामद की हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने तिलक नगर, विकासपुरी और पश्चिम विहार थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के तीन महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए गश्त बढ़ाने और सक्रिय अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में हेड कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल महेंद्र की एक टीम को गश्त और सूचना तंत्र मजबूत करने के लिए तैनात किया गया था। 18 मार्च को टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ इंदिरा कॉलोनी, गंदा नाला के पास आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी की और बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध कुलदीप को धर दबोचा।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जिस बुलेट पर सवार था, वह तिलक नगर थाने के ही एक मामले में चोरी की पाई गई। जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने दो अन्य स्कूटी छिपाने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विकासपुरी और पश्चिम विहार से चोरी की गई दो स्कूटी भी बरामद कर लीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कुलदीप उर्फ जांगड़ा एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के साथ लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे 7 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह इन वाहनों को किसे बेचने वाला था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More