डिलीवरी बॉय का मोबाइल छीनकर भागने वाला लुटेरा चढ़ा पुलिस के हत्थे, 3 फोन बरामद, बाइक जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिले की एंटी स्नेचिंग सेल ने झपटमारी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छिने हुए 3 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेंद्र (20 वर्ष), निवासी वजीरपुर, शालीमार बाग के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने थाना वसंत कुंज साउथ और वसंत विहार क्षेत्र में दर्ज स्नैचिंग और चोरी के तीन महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि वसंत कुंज साउथ इलाके में एक डिलीवरी बॉय से मोबाइल छीनने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद इंस्पेक्टर हरि सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई उपेंद्र, हेड कांस्टेबल शमशेर, सुमेर, अनिल, नरेंद्र, शीश राम और सनी शामिल थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी का पीछा किया। 15 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने वसंत कुंज साउथ के डी-5 और डी-6 रोड पर जाल बिछाया और स्प्लेंडर बाइक पर सवार संदिग्ध शैलेंद्र को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह मोबाइल फोन बेचने और नई वारदातों को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन मोबाइल बरामद हुए, जो अलग-अलग स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े पाए गए। आरोपी ने बताया कि उसने वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल की रेड लाइट के पास एक डिलीवरी बॉय के हैंडल स्टैंड से मोबाइल झपटा था और फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी के इन मोबाइलों को किसे सप्लाई करने वाला था। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More