बिंदापुर पुलिस ने दबोचा शातिर सीरियल ऑटो-लिफ्टर, 7 वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की बिंदापुर थाना ‘क्रैक टीम’ ने वाहन चोरी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की 6 स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विशाल उपाध्याय (27 वर्ष), निवासी ओम विहार, उत्तम नगर के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी चोरी के 8 से अधिक मामलों में शामिल रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 7 मार्च को अजय धवन नामक व्यक्ति ने अपनी स्कूटी चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले को सुलझाने के लिए एसीपी (डाबड़ी) किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नरेश सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नीरज, नरेंद्र, अनिल और कांस्टेबल राजेश व आशीष की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के लगभग 250-300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि आरोपी ने 7 और 9 मार्च को द्वारका मोड़ इलाके से भी स्कूटी चोरी की थी। तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर विशाल उपाध्याय को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान 27 वर्षीय विशाल ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी इस लत को पूरा करने के लिए ही वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बिंदापुर, डाबड़ी, जनकपुरी और बुद्ध विहार इलाकों से चोरी किए गए कुल 7 वाहन बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी से वाहन चोरी के आठ अलग-अलग मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह इन चोरी के वाहनों को आगे कहां और किसे बेचता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More