ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में आठ साल की बच्ची से कुकर्म के मामले में 3 किशोर पकड़े गए

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने बच्चों के विरुद्ध अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक संवेदनशील पॉक्सो मामले का महज कुछ ही घंटों में खुलासा किया है। पुलिस ने 8 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में तीन नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जिससे इलाके में कानून का इकबाल और महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की तत्परता स्पष्ट हुई है।

पुलिस के अनुसार, 14 मार्च को पुलिस को एक पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि ओखला फेज-2 निवासी एक मासूम बच्ची के साथ तीन नाबालिग लड़कों ने यौन उत्पीड़न किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई दिनेश और एसआई नीलम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तुरंत पीड़िता को उसकी माता के साथ एम्स अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसके साथ हुए यौन उत्पीड़न की पुष्टि की।

पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि 12 और 13 मार्च को दोपहर के समय, उसके घर के पास स्थित एक गोदाम में तीन लड़कों—जिनकी उम्र 12 से 13 वर्ष के बीच है—ने उसे बहला-फुसलाकर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास और शारीरिक शोषण किया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 70/351 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया।

पुलिस टीम ने समन्वित प्रयास करते हुए एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए तीनों लड़के 9वीं और 5वीं कक्षा के छात्र हैं और उनके पिता मजदूर या ऑटो चालक के रूप में काम करते हैं। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस बच्चों और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस मामले की आगे की जांच विधि अनुसार जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More