मायावती ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कांशी राम को भारत रत्न देने की मांग पर उठाए सवाल

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस को दलित-विरोधी बताते हुए कहा कि यह पार्टी कांशीराम के नाम का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है. मायावती ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखकर कांग्रेस की पुरानी नीतियों पर सवाल उठाए हैं.

मायावती ने कहा कि कांग्रेस ने केंद्र में कई वर्षों तक सत्ता संभाली, लेकिन दलितों के मसीहा और भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को कभी उचित सम्मान नहीं दिया. उन्होंने बाबा साहेब को भारत रत्न से भी सम्मानित नहीं किया. ऐसे में कांग्रेस अब कांशीराम को भारत रत्न देने की बात कैसे कर सकती है? मायावती ने यह सवाल उठाकर कांग्रेस की मंशा पर संदेह जताया.
मायावती ने आरोप लगाया कि कई दलित संगठन और पार्टियां अब अन्य दलों के हाथों में हैं और वे कांशीराम के नाम का इस्तेमाल करके फायदा उठाने में लगी रहती हैं. मायावती ने बसपा समर्थकों को चेतावनी दी कि विभिन्न पार्टियां तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर बसपा को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं.

खासकर कांग्रेस से सावधान रहने की अपील की, क्योंकि कांग्रेस की दलित-विरोधी सोच और मानसिकता के कारण ही कांशीराम को बसपा बनानी पड़ी थी.उन्होंने कहा कि बसपा दलितों, पिछड़ों और शोषितों के अधिकारों के लिए बनी है और इसे मजबूत रखना जरूरी है.

इसके साथ ही मायावती ने बसपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि कल 15 मार्च को कांशीराम की जयंती पर उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में पार्टी के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाएं.उन्होंने कहा कि यह कांशीराम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में एक कदम होगा. यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांशीराम जी के योगदान की सराहना की और उनके नाम पर सम्मान की बात कही थी.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More