मध्य पूर्व संकट से फारूक अब्दुल्ला पर हमले तक, दोनों सदनों में उठे अहम मुद्दे

राष्ट्रीय जजमेंट

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण चल रहा है। दोनों सदनों में आज अलग-अलग मसलों को लेकर विपक्ष का हंगामा देखने को मिला। इसके साथ ही लोकसभा में ईंधन संकट पर चर्चा हुई। इसके अलावा जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला पर हुए हमले का मुद्दा भी संसद में उठाने की कोशिश हुई। लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के 1 दिन बाद आज ओम बिरला ने फिर से कार्यवाही का संचालन किया। राज्यसभा में बृहस्पतिवार को भाजपा सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति में काफी सुधार आया है और अब वहां विभिन प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में ईंधन की कथित कमी का मुद्दा उठाते हुए बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और ‘‘एप्स्टीन फाइल’’ का उल्लेख किया, जिस पर अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वह नियम के तहत ही बोल सकते हैं।
लोकसभा की कार्यवाहीलोकसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि Strait of Hormuz में किसी भी प्रकार की रुकावट या बंद होने से भारत की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति सीधे तौर पर प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि एलपीजी की उपलब्धता को लेकर चिंता पहले से ही फैल रही है और संघर्ष बढ़ने पर यह और भी गंभीर हो सकती है। ऊर्जा सुरक्षा को किसी भी देश के लिए मूलभूत बताते हुए गांधी ने यह भी सवाल उठाया कि भारत को अमेरिका को इस बात पर प्रभाव डालने की अनुमति क्यों देनी चाहिए कि वह गैस कहां से खरीदे। गांधी ने आगे कहा कि हर राष्ट्र की नींव उसकी ऊर्जा सुरक्षा है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल और केरोसिन की कोई कमी नहीं है, एलपीजी उत्पादन में 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और सरकार की प्राथमिकता है कि देश में करोड़ों परिवारों की रसोई में खाना पकाने के लिए गैस की कमी नहीं रहे। ईरान और अमेरिका-इजराइल के युद्ध के कारण देश में होर्मुज जलडमरुमध्य में बने प्रतिकूल हालात का जिक्र करते हुए पुरी ने लोकसभा में कहा कि पश्चिम एशिया के संघर्ष में कोई भूमिका नहीं होने के बावजूद भारत को इसके परिणामों से पार पाना होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष के दिए आदेश का उल्लंघन करते हुए संसद भवन के मकर द्वार पर ‘‘पिकनिक मनाई’’ है। उन्होंने आसन से आग्रह किया कि इसे लेकर राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने देश में ‘‘एलपीजी संकट’’ से निपटने और ऐसे अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को सरकार से तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांग के दूसरे बैच पर, लोकसभा में चर्चा में हिस्सा लेते हुए सुले ने कहा कि अनुपूरक मांग सभी सरकारें लाती हैं और यह अनिवार्य प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इस समय देश के समक्ष मौजूद ‘‘एलपीजी संकट’’ से निपटने पर प्राथमिकता से विचार करने की जरूरत है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने निष्पक्षता और नियमों के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित करने का प्रयास किया है तथा किसी भी सदस्य को नियमों से परे जाकर बोलने का विशेषाधिकार नहीं है। बिरला ने विपक्ष द्वारा उनके खिलाफ लाए गए संकल्प को सदन द्वारा अस्वीकार किए जाने पर सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह पूरी निष्ठा और संवैधानिक मर्यादा के साथ जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करेंगे।
राज्यसभा की कार्यवाहीजम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेश्नल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला पर बीती रात हुए जानलेवा हमले का मुद्दा बृहस्पतिवार को राज्यसभा में उठा और केंद्र सरकार ने मामले की व्यापक जांच का आश्वासन दिया। विपक्षी दलों ने इस घटना के लिए जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा खत्म किए जाने को जिम्मेदार बताया। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने अब्दुल्ला पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा खत्म होने के कारण उनकी सुरक्षा खतरे में है। सरकार की ओर से जवाब देते हुए सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि सरकार इस मामले की गहन और व्यापक जांच कराएगी तथा अब्दुल्ला की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।
सोशल मीडिया पर उपलब्ध अश्लील सामग्री, पोर्नोग्राफी को बच्चों के लिए खतरनाक एवं नुकसानदेह बताते हुए राज्यसभा में बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी के सदस्य हरभजन सिंह ने कहा कि बच्चों को बेहतर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए इस पर रोक लगाना बहुत जरूरी है। शून्यकाल के दौरान आम आदमी पार्टी के हरभजन सिंह ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि सोशल मीडिया बहुत कुछ सिखाता है और संकट के समय उपयोगी भी होता है लेकिन दुख की बात यह है कि सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री, पोर्नोग्राफी उपलब्ध है।
भोजपुरी को संविधान की आठवीं सूची में शामिल करने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी के मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि ऐसा होने पर शिक्षा, प्रशासन एवं सरकारी कामकाज में भोजपुरी का उपयोग हो सकेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More