रैपिडो का इंतजार कर रहे युवक से लूटा था फोन, पीआईए थाना पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद से दबोचा, 7 मोबाइल फोन और बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्नैचिंग के एक मामले को महज कुछ ही समय में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर झपटमार अजय सिंह (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सात मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दिलचस्प बात यह है कि आरोपी को गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र से पकड़ा गया।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 9 मार्च को कृष्णा नामक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह ईडीएम मॉल के पास अपनी रैपिडो राइड का इंतजार कर रहा था, तभी एक बाइक सवार उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मधु विहार के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मनी राम, सचिन और कांस्टेबल अनंत पाल की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस ने वसुंधरा (गाजियाबाद) में छापेमारी कर अजय सिंह को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह शराब और ड्रग्स का आदी है और अपने नशे के खर्च को पूरा करने के लिए स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छीना गया मोबाइल और 6 अन्य चोरी के फोन बरामद किए।

जांच में सामने आया कि अजय सिंह पहले बस ड्राइवर के रूप में काम करता था और वह पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब उन अन्य मामलों की फाइलें भी खंगाल रही है जिनसे बरामद हुए बाकी के 6 मोबाइल फोन जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More