चिराग दिल्ली में पूर्व निगम पार्षद के घर में लगी आग, फ्लोर जलकर खाक, बच्चा सहित दो लोग अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के चिराग दिल्ली मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार तड़के एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। घटना चिराग दिल्ली स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर हुई, जहां आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा फ्लोर जलकर खाक हो गया। हादसे में मकान मालिक और पूर्व भाजपा पार्षद राकेश गुलिया मामूली रूप से झुलस गए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और दमकल विभाग की मुस्तैदी से समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना बुधवार तड़के करीब 5:44 बजे मिली। सूचना मिलते ही मालवीय नगर थाना पुलिस और पीसीआर वैन तुरंत मौके पर पहुंची। साथ ही दमकल की चार गाड़ियां और एंबुलेंस भी राहत कार्य के लिए पहुंच गईं। आग तीसरी मंजिल पर इतनी तेजी से फैली कि वहां रखा सारा सामान जल गया। पूर्व पार्षद राकेश गुलिया ने आग बुझाने और बाहर निकलने के प्रयास में मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही अपने घरों में बिजली के उपकरणों और वायरिंग की जांच कराते रहें ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More