जहांगीरपुरी में आपसी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की जहांगीरपुरी थाना टीम ने इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी हसमत उर्फ आशु (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी हसमत जहांगीरपुरी का सक्रिय अपराधी है, जो पहले भी लूट के एक मामले में शामिल रहा है। यह पूरी वारदात दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के कारण हुई, जिसमें एक युवक की जान चली गई और दो अन्य घायल हो गए।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 3 मार्च की शाम सीडी पार्क, जहांगीरपुरी के पास दो गुटों में झगड़ा और फायरिंग हुई थी। इस हिंसक झड़प में 18 वर्षीय रहमतुल्ला उर्फ भोला को गोली लगी, जिसकी इलाज के दौरान LNJP अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, आफताब नामक युवक पत्थरबाजी में और सहजान अली चाकू लगने से घायल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी योगेन्द्र खोखर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक सतविंदर सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर नेत्राम और इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और छापेमारी के जरिए मुख्य आरोपी हसमत को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका दूसरे पक्ष के साथ पुराना विवाद चल रहा था। घटना के दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद कहासुनी हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोपी हसमत ने देशी पिस्तौल से फायर करने का प्रयास किया, जबकि उसके साथी फिरदौस ने गोली चला दी जो रहमतुल्ला को जा लगी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए किशोर वारदात के दौरान जमकर पत्थरबाजी की थी। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड में शामिल फरार आरोपी फिरदौस उर्फ चुम्मा और अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थानीय निवासियों से शांति की अपील की गई है। पुलिस ने बरामद हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More