रोहिणी से लापता दो मासूम बच्चियां 40 घंटे में बरामद, पुलिस ने मादीपुर के पास से सुरक्षित ढूँढा

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले की प्रशांत विहार थाना पुलिस ने मानवीय संवेदना और पेशेवर जांच की मिसाल पेश करते हुए दो मासूम बच्चियों को गुमशुदगी के मात्र 40 घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है। रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ से लापता हुई इन बच्चियों की तलाश के लिए पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मानवीय इंटेलिजेंस का बेहतरीन तालमेल बिठाया। बरामदगी के बाद बच्चियों का मेडिकल कराया गया और उन्हें सुरक्षित देख परिवार व पुलिस टीम ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के अनुसार, 3 मार्च को रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन के पास रहने वाले संजय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 5 वर्षीय बेटी ‘पूंजी’ और उनके परिचित की 3 वर्षीय बेटी ‘बर्फी’ अचानक लापता हो गई हैं। मामले की गंभीरता और बच्चों की कोमल उम्र को देखते हुए पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज की और बच्चों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।

एसीपी प्रशांत विहार आर.पी. मीणा की देखरेख और एसीपी क्षितिज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जब जांच शुरू की, तो एक अहम सुराग हाथ लगा। पूछताछ में पता चला कि ये बच्चे अक्सर खेल-खेल में बसों में चढ़ जाया करते थे। इसके बाद पुलिस ने संभावित बस रूटों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और सुरागों का पीछा करते हुए पुलिस टीम बुधवार को रोहतक रोड स्थित मादीपुर मेट्रो स्टेशन तक जा पहुँची।

पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को मादीपुर के पास से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद उन्हें तुरंत बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। फिलहाल दोनों बच्चियों को देखभाल और सुरक्षा के लिए रेस्क्यू फाउंडेशन भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बच्चियां खुद वहां तक पहुँची थीं या कोई उन्हें लेकर गया था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More