त्योहार के मद्देनजर गश्त के दौरान गाजीपुर पुलिस ने अवैध चाकू के साथ शातिर अपराधी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत थाना गाजीपुर की टीम ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पवन कुमार उर्फ भोज (29 वर्ष), निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी पवन कुमार एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी चोरी व अन्य अपराधों के पांच मामलों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में होने वाली किसी संभावित वारदात को समय रहते टाल दिया गया है।

पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिषेक धनिया ने बताया कि गाजीपुर क्षेत्र में झपटमारी और मोबाइल चोरी की हालिया घटनाओं को देखते हुए एसीपी मधु विहार तिलक चंद बिष्ट और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उपाध्याय बाल शंकरम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल राज कुमार, कांस्टेबल शिवम और कांस्टेबल वैभव शामिल थे। 27 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे जब टीम गाजीपुर डेयरी फार्म इलाके में ‘एरिया डोमिनेशन’ के तहत गश्त कर रही थी, तभी गली नंबर 2, डी-ब्लॉक के पास एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने घबराकर अपनी दिशा बदल ली और भागने का प्रयास करने लगा। जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पीछा कर दबोच लिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत ली गई तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक अवैध बटनदा चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पवन कुमार के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या नहीं। पूर्वी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के इस सीजन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इलाके में लगातार गश्त और पिकेट चेकिंग जारी है ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य संभावित आपराधिक संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More