BSNL डायरेक्टर के ‘शाही शौक’, अंडरगार्मेंट्स और हेयर ऑयल की लिस्ट देख भड़के मंत्री सिंधिया, थमाया नोटिस

 

राष्ट्रीय जजमेंट

BSNL) के डायरेक्टर विवेक बंसल के प्रयागराज दौरे के लिए जारी ‘वीआईपी प्रोटोकॉल’ को लेकर बवाल मचा हुआ है. उनके नहाने के लिए अंडरवियर, तेल और कंघी जैसी चीजें जुटाने में 50 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी.
आदेश वायरल होने के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सख्त एक्शन लिया है और अधिकारी का दौरा रद्द कर दिया गया है.

50 अधिकारियों को सौंपे गए थे 20 काम

BSNL बोर्ड के निदेशक विवेक बंसल 25 और 26 फरवरी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे पर जाने वाले थे. लेकिन उनके इस दौरे के लिए जो आधिकारिक आदेश जारी किया गया, वह बेहद चौंकाने वाला था. रिपोर्ट के अनुसार, बंसल के इस वीआईपी ट्रीटमेंट के लिए करीब 50 अधिकारियों को 20 अलग-अलग काम सौंपे गए थे. अधिकारियों को सौंपे गए काम का आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

स्नान किट में अंडरवियर और चप्पल की मांग

वायरल आदेश के मुताबिक, प्रयागराज पहुंचने पर बंसल के लिए संगम स्नान, नाव की सवारी और बड़े हनुमान, अक्षयवट और पातालपुरी मंदिरों के दर्शन की खास व्यवस्था की जानी थी. सबसे ज्यादा हैरान करने वाला आदेश ‘स्नान किट’ को लेकर था. अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि वे इस किट में तौलिया, अंडरगार्मेंट, चप्पल, कंघी, शीशा और बालों के तेल की एक बोतल की व्यवस्था करें. इतना ही नहीं घाट पर इस्तेमाल के लिए एक चादर और होटल या सर्किट हाउस में उनके लिए ड्राई फ्रूट्स, फलों की टोकरी, शेविंग किट, टूथपेस्ट, शैंपू आदि का इंतजाम करने का भी आदेश था.
केंद्रीय मंत्री ने आदेश पर जताई नाराजगी

जब अफसर के लिए वीआईपी ट्रीटमेंट वाला यह आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हुआ को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई. सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने इस पूरी घटना को गलत, अस्वीकार्य और चौंकाने वाला करार दिया और तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए. विवाद बढ़ता देख विवेक बंसल का प्रयागराज दौरा तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया.

इस वीआईपी कल्चर पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. सरकार ने BSNL के अधिकारी विवेक बंसल को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More