यूपी में नेताओं के समधियों के बुरे दिन! दिनेश प्रताप सिंह के बाद अब एसटी हसन के समधी के घर छापा

राष्ट्रीय जजमेंट

प्रदेश में इन दिनों नेताओं के समधियों के दिन बुरे चल रहे हैं. बुधवार को जहां योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के समधी और बहुजन समाज पार्टी के नेता उमाशंकर सिंह के घर पर छापा पड़ा तो वहीं रामपुर में 26 फरवरी, गुरुवार को एक और नेता के समधी के घर इनकम टैक्स की टीम पहुंच गई.
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह से आयकर विभाग की छापेमारी रामपुर के प्रसिद्ध कारोबारी और पूर्व सांसद एंव समाजवादी पार्टी के नेता डॉ एस टी हसन के समधी मुन्नान बब्लू की प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर चल रही है.

बताया जा रहा है कि सुबह 10 बजे के करीब लगभग 7 गाड़ियों में दिल्ली से आयकर विभाग के अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पहुंचे और मुन्नान बबलू की गंज थाना इलाके में स्थित एम आई इंडस्ट्रीज और एम एन इंडस्ट्रीज पर छापा मार दिया और फैक्ट्री परिसर को घेर लिया. थानागंज क्षेत्र के बगी स्थित एमएन इंडस्ट्रीज और एमआई इंडस्ट्रीज समेत बगी बायपास किनारे स्थित एनजी फैक्ट्री में कई घंटों से आयकर की जांच जारी है.

छापे के दौरान CRPF तैनात

सीआरपीएफ जवानों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर सुरक्षा संभालते हुए आवाजाही नियंत्रित कर दी है. रामपुर मे मशहूर कारोबारी मुनन खान और बबलू खान की पार्टनरशिप वाली इन प्लाईवुड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के ऑफिस के दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं.

इनकम टैक्स अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की गहन जांच जारी, कार्रवाई देर शाम तक चलने की संभावना है. फैक्ट्री से किसी को बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है और न ही किसी को फैक्ट्री के अंदर आने की इजाज़त है. केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में कारोबारी और उनके स्टाफ से पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.

दिनेश प्रताप के समधी के यहां आज भी छापेमारी जारी

उधर बलिया जिले में बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी लगातार जारी है. लखनऊ स्थित उनके आवास समेत बलिया में उनके घर, स्काई होटल, प्लांट और फॉर्म हाउस पर कार्रवाई की जा रही है. इसके अलावा दौलतपुर में उनके करीबी प्रवीण सिंह के घर पर भी टीम पहुंची है. कुल छह स्थानों पर कल से छापेमारी चल रही है. इनमें खनवर स्थित विधायक का आवास, प्लांट, होटल और फॉर्म हाउस शामिल हैं. साथ ही रसड़ा थाना क्षेत्र के बुलाकीदास के मठिया निवासी भूपेंद्र सिंह के आवास और नरही थाना क्षेत्र में उनके करीबी प्रवीण सिंह के घर पर भी आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी है. कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी है और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More