हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्पशूटर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, 5 पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (WR-1) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के दो खतरनाक अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ मोगली और चंद्रभान के रूप में हुई है। विक्की मोगली हरियाणा पुलिस द्वारा घोषित 5,000 रुपये का इनामी बदमाश है और हत्या व रंगदारी के कई मामलों में वांछित था। पुलिस ने इनके पास से 5 अत्याधुनिक पिस्टल, 28 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो कारें बरामद की हैं।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि 22 जनवरी को एएसआई सुरेश कुमार को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्य गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसीपी राज कुमार और इंस्पेक्टर अनिल मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई अंशु कादियान, एएसआई सुरेश कुमार, महिला एएसआई नरिंदर कौर, हेड कांस्टेबल संदीप और हेड कांस्टेबल परवीन शामिल थे। टीम ने जाल बिछाकर नजफगढ़-ढांसा रोड पर फ्लाईओवर के नीचे आरोपियों की हुंडई i20 कार को इंटरसेप्ट किया।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल संदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बची। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली आरोपी विक्की मोगली के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को काबू कर लिया और घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद की गई लंबी पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस ने अलीगढ़ से हथियार सप्लायर यामीन खान (60) और जेवर (यूपी) से सतीश कुमार दल्लू (35) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा, हथियारों के रिसीवर ईश्वर सिंह उर्फ सोनू को भी दिल्ली के बख्तावरपुर इलाके से दबोचा गया। विक्की मोगली हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है और उस पर हत्या व पोक्सो एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा बनाई गई भविष्य की योजनाओं की गहनता से जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More