बस्‍ती से लापता दरोगा अजय गौड़ की लाश अयोध्‍या की सरयू नदी में मिली, आखिर क्‍या बात हो गई?

राष्ट्रीय जजमेंट

बस्‍ती: उत्‍तर प्रदेश के बस्‍ती में परसरामपुर थाने में तैनात दरोगा अजय गौड़ 5 फरवरी को लापता हो गए थे। रविवार को उनका शव अयोध्‍या सीमा पर सरयू नदी में मिलने से हड़कंप मच गया। स्‍थानीय मल्‍लाहों में पुलिस की वर्दी पहने शव को देखकर हल्‍ला मचाया। जल पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला।
दरोगा अजय गौड़ गत पांच फरवरी से गायब चल रहे थे। इससे पहले शुक्रवार को उनकी बाइक बस्‍ती की कुआनो नदी के पास पुल पर लावारिस मिली थी। तभी से कुछ अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी थी।

पिता ने जताई थी अपहरण की आशंका
देवरिया जिले के मूल निवासी अजय गौड़ बस्‍ती शहर में किराये के कमरे में रहते थे। जब से वह गायब हुए थे उनका निजी मोबाइल फोन और सीयूजी नंबर बंद चल रहा था। उनके पिता रामचंद्र ने अपहरण की आशंका जताई थी। अजय गौड़ 2016 में यूपी पुलिस में दरोगा बने थे।

फॉलोअर को शाम का खाना बनाने से किया था मना
5 फरवरी की सुबह अजय गौड़ की पत्‍नी रंजिता से बात हुई थी। उनके दो बच्‍चे हैं। अजय ने फॉलोअर से शाम का खाना बनाने के लिए मना किया था। उन्‍होंने बताया कि वह कहीं बाहर निमंत्रण पर जा रहे हैं।

आत्‍महत्‍या या फिर कोई अनहोनी
परसराम थाने के थानाध्‍यक्ष विश्‍वमोहन राज के अवकाश पर जाने के बाद एसएसआई अजय कुमार गौड़ को थाने का प्रभार सौंपा गया था। दरोगा की तलाश के लिए एसओ परसरामपुर, एसओजी और स्‍वॉट समेत पांच टीमें लगी थीं। दरोगा ने नदी में कूदकर आत्‍महत्‍या की है या फिर उनके साथ कोई अनहोनी हुई है, इसका खुलासा करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More