नौकर ने की 5 लाख की चोरी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 1 लाख नकद और सोने की बाली बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले की न्यू सब्जी मंडी चौकी, थाना महेन्द्र पार्क की टीम ने नौकर द्वारा की गई चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी महेश वर्मा को आदर्श नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1 लाख रुपये की आंशिक चोरीशुदा नकदी और एक सोने की बाली बरामद की गई। यह आरोपी पहली बार अपराध में पकड़ा गया है।

उत्तर-पश्चिम जिला के एडीशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि बीती 27 दिसंबर को थाना महेन्द्र पार्क में चोरी की पीसीआर कॉल आई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता राम नरेश से मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 दिसंबर को सुबह करीब 5 बजे उसका नौकर गोंडा निवासी महेश उसकी दुकान C-680 न्यू सब्जी मंडी के बेसमेंट से 5 लाख रुपये नकद चुराकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना महेन्द्र पार्क में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

एडीशनल सीपी ने बताया कि एसआई सचिन यादव की टीम एसएचओ महेन्द्र पार्क इंस्पेक्टर विजय संवाल और एसीपी शालीमार बाग राजबीर लांबा की देखरेख में काम कर रही थी। टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी अपनाई। सूचना के आधार पर आजादपुर निवासी आरोपी महेश वर्मा को आदर्श नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर 1 लाख रुपये नकद और एक सोने की बाली बरामद हुई। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहली बार अपराध में शामिल हुआ है। उसने आसान पैसा कमाने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की लालच में चोरी की। शेष चोरीशुदा माल की बरामदगी और आरोपी की अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More