आतिशी के गुरु तेग बहादुर पर विवादित बयान से भाजपा में आक्रोश: कल AAP मुख्यालय के बाहर बड़ा प्रदर्शन

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना द्वारा सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर सिंह के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे सिख समाज का घोर अपमान बताते हुए AAP की विभाजनकारी और सिख-विरोधी मानसिकता की कड़ी निंदा की है।

सचदेवा ने कहा कि विधानसभा जैसे पवित्र लोकतांत्रिक मंच पर गुरु साहिब के बलिदान का अपमान करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि AAP की उस सोच का खुला प्रमाण है जो बार-बार देश की आस्था और संस्कृति को निशाना बनाती रही है। उन्होंने इसे कोई अनजाने में हुई भूल नहीं, बल्कि सुनियोजित मानसिकता बताया। पहले सनातन धर्म पर टिप्पणियां, अब सिख गुरु का अपमान – यह AAP का असली चेहरा उजागर करता है, जहां विकास के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति की जाती है।

सचदेवा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आतिशी ने तुरंत बिना शर्त सार्वजनिक माफी नहीं मांगी और AAP ने इस सिख-विरोधी रवैये पर जवाबदेही नहीं तय की, तो भाजपा का विरोध और व्यापक व तीव्र होगा। सिख समाज के स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके तहत कल शुक्रवार को सुबह 11 बजे दिल्ली भाजपा सिख प्रकोष्ठ के नेतृत्व में मुख्य पार्टी कार्यकर्ता AAP मुख्यालय के बाहर प्रचंड विरोध प्रदर्शन करेंगे।

महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह और मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने भी इसे बेहद खेदजनक बताया। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में आतिशी का अपमानजनक बयान और रात में तुर्कमान गेट पर हुई पथराव की घटना गंभीर सवाल उठाती है।

सचदेवा ने अलग से 6 जनवरी की रात तुर्कमान गेट मस्जिद के आसपास अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ यू-ट्यूबर्स द्वारा भड़काने और समाजवादी पार्टी सांसद मौहिबुल्लाह नाबिद की मौजूदगी की दिल्ली पुलिस से गहन जांच की मांग की। साथ ही जामा मस्जिद के चारों ओर के अतिक्रमण को क्षेत्र में गंदगी और सुरक्षा खतरा बताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर तत्काल सर्वे शुरू करवाने का महापौर से आग्रह किया।

भाजपा ने कहा कि दिल्ली की जनता AAP के दोहरे चरित्र और अपमान की राजनीति को अच्छी तरह पहचान चुकी है। ऐसे प्रयासों को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब दिया जाएगा। यह घटना दिल्ली की राजनीति में नई तल्खी का संकेत है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More