अटल जनशताब्दी स्मृति सम्मेलन एवं SIR कार्यशाला संपन्न

 

राष्ट्रीय जजमेंट

एरच।अटल जनशताब्दी अभियान के अंतर्गत एरच में गरौठा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अटल स्मृति सम्मेलन एवं SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी एवं अध्यक्ष महिला कल्याण निगम, उत्तर प्रदेश सरकार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा SIR विषय पर दिए गए भाषण का एलईडी टीवी के माध्यम से प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गंभीरता से सुना।

मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी एवं अध्यक्ष महिला कल्याण निगम, उत्तर प्रदेश सरकार कमलावती ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक राष्ट्रवादी आंदोलन है, जिसने सदैव देशहित को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राजनीति को मर्यादा, संवाद, सहमति और सेवा का माध्यम बनाया, और उनका जीवन आज भी हम सभी के लिए मार्गदर्शक है।
उन्होंने कहा कि SIR अभियान लोकतंत्र की शुद्धता और पारदर्शिता के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में केवल पात्र नागरिकों के नाम रहें और किसी भी प्रकार की घुसपैठ या अपात्रता को समाप्त किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और इस अभियान को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से सफल बनाएं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत किया है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी जी के उस दौर को याद किया जब उनकी सरकार एक वोट से गिर गई थी, लेकिन उन्होंने सिद्धांतों से समझौता किए बिना लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखी। यही भाजपा की पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और अंत्योदय के संकल्प को सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।
मुख्य अतिथि के पश्चात विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री एवं जिला प्रभारी संत विलास शिवहरे ने अपने संबोधन में कहा कि SIR अभियान को सफल बनाने के लिए अंतरिम मतदाता सूची का सभी बूथों पर गहन अध्ययन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर बूथ तक के कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष तथा बीएलए-2 की इसमें विशेष जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने सभी से पूरी गंभीरता, सजगता और समन्वय के साथ इस कार्य को संपन्न करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जनशताब्दी अभियान के माध्यम से पार्टी अटल जी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने SIR अभियान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अंतरिम वोटर लिस्ट 6 जनवरी को जारी होगी। इसके बाद यह सुनिश्चित करना है कि यदि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से कट गया हो, तो उसके वैध दस्तावेजों के साथ उसका नाम पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाए। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को सजग और सक्रिय रहना होगा।
विशिष्ट अतिथि विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि SIR अभियान लोकतंत्र की आत्मा को मजबूत करने का कार्य है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक जवाहर लाल राजपूत ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिलामंत्री अमित चौरसिया ने किया।
मुख्य रूप से उपस्थित रहे छत्रपाल राजपूत, बद्री त्रिपाठी, उदय लोहारी, लालता पांचाल, गीता श्रीवास्तव , दिनेश सिंह परिहार, जयपाल सिंह चौहान , डॉ. अरुण मिश्रा जी , जयचन्द राजपूत, मोर्चा जिलाध्यक्ष निहिल सिंघई, प्रीति शर्मा, मनीष वर्मा, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र मोहन पाठक, आशीष खरे, गुरदीप गुर्जर, वीरप्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह पाल, पुष्पेंद्र दुबे सहित शक्ति केन्द्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष व बी एल ए 2 उपस्थित रहे!

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More