बुजुर्ग डॉक्टर से लूट और स्कूटी चोरी के मामला सुलझा, चार बदमाश पकड़े, स्कूटी व मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले में दिल्ली पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। जहां एक ओर जहांगीरपुरी पुलिस ने एक ऑटो लिफ्टर को दबोच लिया, वहीं महेंद्र पार्क पुलिस ने एक बुजुर्ग डॉक्टर से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की एक स्कूटी, तीन मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। दोनों मामलों में आरोपी आसान पैसा कमाने की लालच में अपराध की दुनिया में कूदे थे।

पहले मामले में जहांगीरपुरी थाना पुलिस की गश्ती टीम ने 27 दिसंबर को कुशाल सिनेमा रोड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को स्कूटी पर देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसकी पहचान जहांगीरपुरी निवासी सुजीत हलदार (30 वर्ष) के रूप में हुई। उसके पास से बरामद स्कूटी आदर्श नगर थाना क्षेत्र से चोरी की निकली, जबकि एक मोबाइल फोन महेंद्र पार्क क्षेत्र से चोरी का था। सुजीत पहली बार अपराध में पकड़ा गया है और उसने कबूला कि आसान कमाई के लिए उसने चोरी शुरू की। पुलिस उसकी अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

दूसरे मामले में महेंद्र पार्क थाने की पीपी एनएस मंडी टीम ने 25 दिसंबर की रात को अजादपुर सब्जी मंडी के पास काली माता मंदिर के सामने हुई लूट की वारदात सुलझाई। शिकायतकर्ता जहांगीरपुरी निवासी डॉ. राम भरोसे (70 वर्ष) घर लौट रहे थे, तभी तीन बदमाशों ने उनका गला दबाकर दो मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये नकद और कुछ दस्तावेज लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना पर छापेमारी कर पुलिस ने शाहबाद डेयरी निवासी साहिल उर्फ कुल्ली (19 वर्ष) और एक नाबालिग को पकड़ा है। साहिल पर पहले से एक छिनतई का मामला दर्ज है। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया और लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद करा दिए। तीसरा साथी अभी फरार है, जबकि लूटा गया नकद और अन्य सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस के अतिरिक्त डीसीपी सिकंदर सिंह ने दोनों मामलों की जानकारी दी है। इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है। जांच जारी है और अन्य वारदातों में इनकी संलिप्तता की पड़ताल की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More