कंझावला में लूट के लिए चाकूबाजी का मामला सुलझा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चाकू व लूटा कैश बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले की कंझावला पुलिस ने लूटपाट और चाकू मारकर घायल करने की एक सनसनीखेज वारदात को मात्र तीन दिन में सुलझा लिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनसे वारदात में इस्तेमाल बटन एक्टिवेटेड चाकू और लूट का 650 रुपये नकद बरामद किया गया। दो अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।

रोहिणी जिले के डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि 21 दिसंबर को कंझावला थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि आनंद पुर धाम, कराला निवासी कौशल चौधरी पुत्र चेसी चौधरी उम्र 55 वर्ष को चाकू मार दिया गया है। घर लौटते समय गंदा नाला, कराला रोड के पास खेतों से निकले 4-5 व्यक्तियों ने उसे घेरकर जेब से पैसे निकालने की कोशिश की। विरोध करने पर हमला किया और एक ने पीठ पर चाकू घोंप दिया। इसके बाद 2500 रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित को बीएसए अस्पताल, रोहिणी में भर्ती कराया गया। उसके बयान पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ कंझावला इंस्पेक्टर राजीव मलिक के नेतृत्व में एसीपी बेगमपुर शर्थक त्यागी के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर 24 दिसंबर को तीन आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह उर्फ साहिल, आकाश और नरेंद्र उर्फ नन्नू के रूप में हुई। ये सभी कराला इलाके के स्थानीय निवासी हैं।

डीसीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी अवतार उर्फ साहिल ने कबूल किया कि उसने ही पीड़ित की पीठ पर चाकू से वार किया था। उसकी निशानदेही पर बटन एक्टिवेटेड चाकू बरामद हुआ। आरोपियों ने फरार साथियों अक्षय और नितेश के नाम भी उगले, जो कराला में ही रहते हैं। तीनों से लूट का 650 रुपये कैश भी जब्त किया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More