गीता कॉलोनी में जल बोर्ड के टैंकर ने बाइक सवार को कुचला, रैपिडो ड्राइवर की हुई मौत, ड्राइवर फरार

नई दिल्ली: दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। दिल्ली जल बोर्ड का पानी से भरा टैंकर एक बाइक सवार युवक को कुचलते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 26 वर्षीय जुबैर अली के रूप में हुई है, जो रैपिडो बाइक ऐप का ड्राइवर था। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर और बाइक जब्त कर ली है तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। पीसीआर कॉल मिलते ही गीता कॉलोनी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल कुंदन नगर रेड लाइट के पास मास्टर प्लान रोड पर एसडीएम ऑफिस की ओर जाने वाले रास्ते पर था। वहां पुलिस को एक युवक टैंकर के पिछले टायर के नीचे दबा हुआ मिला। युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन सिर पूरी तरह कुचल गया था। मौके पर कोई चश्मदीद नहीं मिला।

पूछताछ और दस्तावेजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त बागपत निवासी जुबैर अली के रूप में हुई। वह रैपिडो बाइक चला रहा था। क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया, जहां घटनास्थल का मुआयना किया गया और फोटोग्राफी कराई गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

टैंकर दिल्ली जल बोर्ड का अधिकृत वाहन बताया जा रहा है, जो पानी से पूरी तरह भरा हुआ था। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अपराधी टैंकर और मृतक की बाइक को जब्त कर लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस चालक की गिरफ्तारी और हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More