हरि नगर में सक्रिय ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, दो चोरी की स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के हरि नगर पुलिस पोस्ट स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो चोरी की स्कूटी बरामद की गईं, जिनमें से एक की शिकायत पर दर्ज केस सॉल्व हो गया, जबकि दूसरी स्कूटी एक अन्य पुराने केस से जुड़ी थी।

डीसीपी वेस्ट शरद भास्कर दराडे ने बताया कि मोटर व्हीकल चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए विशेष टास्किंग की गई थी। इसी कड़ी में इंस्पेक्टर अशु गिरोत्रा के नेतृत्व में एसआई विक्रांत सिंह, एचसी पिंटू और एचसी घनश्याम की टीम गठित की गई। एसीपी राजौरी गार्डन निरज टोकस की निगरानी में यह कार्रवाई हुई। 22 नवंबर को हरि नगर थाने में ई-एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि हरि नगर क्षेत्र से उसकी काली टीवीएस एन-टॉर्क स्कूटी चोरी हो गई। धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

डीसीपी ने बताया कि 15-16 दिसंबर की दरमियानी रात को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी समताधाम पार्क के पास आएगा। टीम ने वहां ट्रैप लगाया। कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी पर आता दिखा, जिसे सीक्रेट इन्फॉर्मर ने पहचान लिया। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ मीटर की चेज के बाद उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान जनकपुरी निवासी रोहित डाताराम (23 वर्ष) के रूप में हुई। उसके पास वाली स्कूटी ऊपर बताए चोरी के केस की निकली। आरोपी को कानूनी रूप से गिरफ्तार किया गया और स्कूटी जब्त कर ली गई। आरोपी की निशानदेही पर एक और चोरी की स्कूटी बरामद की गई, जो 15 नवंबर की ई-एफआईआर से जुड़ी थी। यह स्कूटी भी धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त की गई। दोनों स्कूटी मालिकों को सूचित कर दिया गया है। आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More