मंगोलपुरी थाना पुलिस ने तीन अपराधी गिरफ्तार किए, 3 बटन चाकू और 3 चोरी के मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आउटर डिस्ट्रिक्ट की मंगोलपुरी थाना टीम ने अवैध हथियार रखने वाले तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन बटन एक्टिवेटेड चाकू (बटन चाकू) और तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। इस कार्रवाई से मंगोलपुरी थाने में दर्ज मोबाइल चोरी के तीन मामले सॉल्व हो गए। तीनों आरोपियों का भारी क्रिमिनल रिकॉर्ड है और दो बदमाश राज पार्क थाने के BC (बैड कैरेक्टर) हैं।

डीसीपी आउटर डिस्ट्रिक्ट सचिन शर्मा ने बताया कि एंटी-सोशल एलिमेंट्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। पुलिस विजिबिलिटी और बीट स्टाफ की सक्रियता से इलाके में अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है।

 9-10 दिसंबर की दरमियानी रात को HC रामस्वरूप और HC प्रदीप गौर ADE ब्लॉक मंगोलपुरी में पेट्रोलिंग पर थे। इंडियन गेट पार्क, E-ब्लॉक के पास एक व्यक्ति दिखा, जो पुलिस देखकर भागने लगा। पीछा कर टीम ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान साहिल उर्फ गोल्डी (उम्र 30 साल), रहने वाला मंगोलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी में एक बटन चाकू मिला। पूछताछ में उसने एक महीने पहले मंगोलपुरी से चोरी किया मोबाइल कबूल किया, जो रामलीला पार्क से बरामद हुआ। यह मोबाइल e-FIR से जुड़ा था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। साहिल के खिलाफ पहले डकैती के 4 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

दूसरी कार्रवाई 10 दिसंबर को HC सुभाष और Ct. मंजीत X-ब्लॉक मंगोलपुरी में पेट्रोलिंग कर रहे थे। सुल्तानपुरी नाले के पास MCD प्राइमरी स्कूल की दीवार के पास एक व्यक्ति दिखा, जो पुलिस देखकर भागने और छिपने की कोशिश करने लगा। टीम ने उसे दबोच लिया। उसकी पहचान सूरज उर्फ कट्टा उर्फ राहुल (उम्र 32 साल), रहने वाला मंगोलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी में एक बटन चाकू मिला। पूछताछ में उसने मंगोलपुरी से चोरी किया मोबाइल कबूल किया, जो सुल्तानपुरी नाले के पास से बरामद हुआ। यह एक e-FIR से जुड़ा था। आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। सूरज के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट और चोरी के 21 मामले दर्ज हैं। वह राज पार्क थाने का BC है।

तीसरी कार्रवाई 10 दिसंबर को ही HC अरविंद और Ct. नितिन मंगोलपुरी खुर्द में पेट्रोलिंग पर थे। वाल्मीकि पार्क के पास एक व्यक्ति दिखा, जो पुलिस देखकर भागने लगा। पीछा कर टीम ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान भारत उर्फ सूरज उर्फ बच्चकांडा (उम्र 28 साल), रहने वाला मंगोलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी में एक बटन चाकू और एक मोबाइल फोन मिला। मोबाइल e-FIR से चोरी का निकला। आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। भारत के खिलाफ स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट, चोरी और हत्या के प्रयास के 45 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह भी राज पार्क थाने का BC है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More