निहाल विहार थाना पुलिस की कार्रवाई: अवैध विदेशी नागरिकों पर छापा, घाना-नाइजीरिया के छह गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के आउटर जिले ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निहाल विहार थाने की गश्ती टीम ने चंदर विहार इलाके में छापा मारकर घाना और नाइजीरिया के छह नागरिकों को गिरफ्तार किया, जिनके वीजा खत्म हो चुके थे। आरोपियों ने वैध दस्तावेज नहीं दिखाए और अवैध रूप से दिल्ली में रहने की बात कबूल की। मकान मालिक के खिलाफ भी विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से शरण देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आउटर जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि अवैध प्रवास पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 8 दिसंबर को निहाल विहार थाने की गश्ती टीम चंदर विहार क्षेत्र में रूटीन पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक घर में विदेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छापा मारा। वहां छह विदेशी नागरिक मिले, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने पासपोर्ट और वीजा जैसे वैध दस्तावेज नहीं दिखाए। जांच में पता चला कि सभी के वीजा खत्म हो चुका हैं और वे बिना किसी कानूनी आधार के दिल्ली में रह रहे थे।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार विदेशियों की पहचान गेब्रियल पेंटसिल सेरवा उर्फ चुकवुओरोई प्रॉमिस (घाना), केली ओनेव्हेयर (घाना), जॉनसन कुफो (घाना), गोमेज अड्डे एडेकोराफो (घाना), चियोमा केल्विन ओवाबोर (नाइजीरिया) और सोल्मन संडे ओडोई (नाइजीरिया) के रूप में हुई। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने लाया और फॉरेनर्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मकान मालिक पर भी विदेशी नागरिकों को अवैध शरण देने का केस दर्ज हुआ। एफआरआरओ के साथ समन्वय कर डिपोर्टेशन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वर्तमान में सभी नाइजीरियाई नागरिकों को नरेला के सेवासदन लैंपुर डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More