Rajasthan के बांसवाड़ा में घर में फंसे तेंदुए की रहस्यमयी हालत में मौत

राष्ट्रीय जजमेंट 

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में रविवार सुबह एक नाबालिग लड़के पर हमला करने के बाद एक घर के कमरे में फंसे तेंदुए की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना कलिंजरा थाना इलाके के एक गांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि 15 साल का शांतिलाल अपने घर के बाहर बैठा था तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इसमें किशोर घायल हो गया। उसकी चीखें सुनकर परिवार वाले उसे बचाने के लिए दौड़े तो तेंदुआ भागकर पास के एक घर में घुस गया।

ग्रामीणों ने तुरंत बाहर से दरवाजा बंद कर दिया जिससे तेंदुआ कमरे के अंदर फंस गया। जानकारी मिलने पर वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कहा कि तेंदुए की हालात सामान्य नहीं थी।

पुलिस ने कहा, ‘‘बचाव अभियान शुरू होने से पहले ही तेंदुए ने कमरे के अंदर उल्टी कर दी और थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले।’’ अधिकारियों ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल पाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More