वीजा एक्सपायर कर दिल्ली में छिपा बैठा नाइजीरियाई नागरिक पकड़ा, डिपोर्टेशन प्रक्रिया शुरू

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के आउटर जिले ने अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ अपना सख्त अभियान जारी रखते हुए एक और कामयाबी हासिल की। निहाल विहार थाना क्षेत्र के चंद्र विहार में 3 दिसंबर को रूटीन सर्वे के दौरान पुलिस ने 34 साल के नाइजीरियाई नागरिक को दबोच लिया, जिसका वीजा काफी पहले एक्सपायर हो चुका था।

आउटर जिले के डीसीपी सचिन शर्मा के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध विदेशियों की तलाश तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में हेड कांस्टेबल सलेंद्र, हेड कांस्टेबल दलवीर और हेड कांस्टेबल रवि चंद्र विहार में सर्वे कर रहे थे। तभी एक विदेशी संदिग्ध तरीके से घूमता दिखा। जब उसे रोका गया तो उसके पास न पासपोर्ट था, न वैध वीजा और न ही कोई वैध दस्तावेज। पूछताछ में उसने अपना नाम ओलामिलेकन हबीब अबियोये (34), निवासी नाइजीरिया बताया। उसने कबूल किया कि उसका वीजा बहुत पहले ही खत्म हो चुका है और वह अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ कोई आपराधिक केस नहीं मिला।

पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर थाने लाया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर FRRO से समन्वय कर डिपोर्टेशन की कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल उसे लामपुर स्थित सेवासदन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है, जहां से जल्द ही उसे नाइजीरिया डिपोर्ट किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More