सुल्तानपुरी में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, 152 ग्राम गांजा-इंजेक्शन सहित दो कुख्यात गिरफ्तार

नई दिल्ली: नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए दिल्ली पुलिस की आउटर डिस्ट्रिक्ट टीम ने दो दिन में दो बड़ी कार्रवाइयां कर नशे के कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। सुल्तानपुरी और राज पार्क थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने कुल 152.37 ग्राम गांजा, 12 इंजेक्शन, 12 सीरिंज, 12 अविल इंजेक्शन और 24 सुइयां बरामद करते हुए दो पुराने अपराधियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। एक आरोपी तो सुल्तानपुरी थाने का कुख्यात BC है, जिसके खिलाफ 35 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आउटर डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी सचिन शर्मा के निर्देश पर चल रहे नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पहली कार्रवाई 17 नवंबर को राज पार्क थाने की टीम ने की। हेड कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल संजय और महिला कांस्टेबल बबीता रेलवे लाइन के पास एचजीआई लेबर कॉलोनी में गश्त कर रहे थे। तभी एक महिला सफेद पॉलीथिन थामे संदिग्ध हालत में दिखी। पुलिस को देखते ही वह भागी, लेकिन टीम ने दौड़कर उसे दबोच लिया। पॉलीथिन में 131.66 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी महिला पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है। राज पार्क थाने में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

अगले दिन 18 नवंबर को सुल्तानपुरी पुलिस ने दूसरा वार किया। एएसआई अनिल और कांस्टेबल राम चंदर मदर डेयरी के पास डी-2 पार्क में गश्त पर थे। भीड़ में एक व्यक्ति पॉलीथिन लिए खड़ा था। पुलिस को देखते ही भीड़ भागी और आरोपी भी दौड़ा, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी की पहचान संजीत (32 वर्ष), निवासी सुल्तानपुरी के रूप में हुई। उसके पास से 20.71 ग्राम गांजा, 12 इंजेक्शन, 12 सीरिंज, 12 अविल इंजेक्शन और 24 नई सुइयां बरामद हुईं। संजीत के खिलाफ लूट, छिनैती, चोरी, हथियार और नशे के 35 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह सुल्तानपुरी थाने का बदनाम BC है। थाने में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने के लिए दोनों मामलों में गहन जांच की जा रही है। जल्द ही बड़े सप्लायर्स तक पुलिस पहुंच जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More