यमुना खादर में लुटेरों का खौफनाक खेल: औरत के लिबास में पुरुष फंसाते थे शिकार, विरोध करने पर चाकू घोंपकर कर दी हत्या; हुए गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के यमुना खादर में 10 अक्टूबर को मिली लाश का राज आखिरकार खुल गया। पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि हत्या कोई रंजिश की वजह से नहीं, बल्कि लूटपाट के दौरान हुई थी। हैरान करने वाली बात यह है कि दोनों हत्यारे औरत के कपड़े पहनकर खादर की झाड़ियों में शिकार तलाशते थे। कोई अकेला व्यक्ति रास्ता भटककर आता तो उसे हसीनाओं का लालच देकर एकांत में ले जाते और फिर चाकू की नोक पर लूट लेते। अगर शिकार ने जरा भी विरोध किया तो जान से मार देते थे।

न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस की टीम ने महज एक महीने में इस कत्ल को सुलझा लिया। मुख्य आरोपी उनीब अहमद उर्फ दुर्गा उर्फ सिमरन (26) और उसका साथी बंटी सिंह (43) को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों गढ़ी मेंडू के रहने वाले हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक उनीब और बंटी आए दिन औरतों के सलवार-सूट पहनकर यमुना खादर में घूमते थे। देर रात कोई व्यक्ति अगर उनकी तरफ आकर्षित होता तो बातों में उलझाकर उसे सुनसान जगह पर ले जाते और लूटते। मृतक ने जब विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसकी चाकू गोद-गोदकर हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

एसएचओ इंस्पेक्टर राजेंद्र कसाना के नेतृत्व में एसआई उदित जैन और हेड कांस्टेबल लोकेंद्र की टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और तकनीकी सबूतों के आधार पर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में उनीब ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और साथी बंटी का नाम बताया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पहले भी कई लूट और छेड़छाड़ के मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More