हिट एंड रन का खेल खत्म, यमुना ब्रिज हादसे का फरार चालक धराया

नई दिल्ली: दिल्ली की सड़कों पर मौत बांटने वाली सफेद ह्यूंदै i20 आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। सेंट्रल जिला पुलिस की आईपी एस्टेट टीम ने 48 घंटे के अंदर अंधी हिट एंड रन की गुत्थी सुलझाते हुए कार बरामद कर ली और चालक कुशल पाल तोमर को धर दबोचा। यह हादसा 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:32 बजे यमुना ब्रिज पर हुआ, जिसमें एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। पुलिस ने तकनीकी खुफिया और जमीनी मेहनत से इस ब्लाइंड केस को सुलझा दिया है।

सेंट्रल जिला के डीसीपी निधिन वलसन ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही एएसआई संजीव कुमार की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कोई चश्मदीद नहीं मिला। घायल महिला को पहले ही एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

आईपी एस्टेट थाने की टीम ने इंस्पेक्टर संजीव की अगुआई में जाल बिछाया। कंट्रोल रूम से सटीक समय लिया और यमुना ब्रिज से सचिवालय भवन तक लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। करीब 40-50 गाड़ियों की छानबीन की गई। एक चालक की टिप से सफेद i20 पर शक हुआ। किशन घाट के कैमरे ने नंबर प्लेट साफ पकड़ ली। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के बल पर पुलिस ने एमएएमसी कैंपस से कुशल पाल तोमर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में कुशल पाल ने कबूल लिया कि वह घर लौट रहा था, हादसा होने पर डर के मारे भाग गया। कार मौके से जब्त कर ली गई। पुलिस ने एक सफेद ह्यूंदै i20 कार बरामद की। मृतका की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More