पुलिस लॉकअप में बंद युवक ने क्यों काटा अपना गला? हालत देख थाने में मची खलबली, अस्पताल में चल रहा इलाज, SO सस्पेंड

राष्ट्रीय जजमेंट

प्रतापगढ: उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाने में उस समय खलबली मच गई, जब हिरासत में लिए गए 24 वर्षीय युवक ने लॉकअप के अंदर अपना गला रेत लिया। खून से लथपथ युवक को देखकर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उसे रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया। घटना के बाद एसपी ने एसओ मानिकपुर को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ कुंडा को सौंपी गई है।मामला मानिकपुर थाने का है। युवक कुंडा कोतवाली क्षेत्र का निवासी है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसे चोरी के एक मामले में 5 दिन से मानिकपुर थाने में बैठा रखा था। कुंडा कोतवाली के जमेठी के रहने वाले शिवम सिंह (24) को चोरी के मामले में मानिकपुर पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई थी। परिवार वालों का कहना है कि पांच दिन पहले उसे पुलिसकर्मी ले गए और प्रताड़ित करते हुए पूछताछ कर रहे थे। गुरुवार सुबह में लॉकअप में बंद शिवम सिंह ने अपना गला रेत लिया। यह देख थाने में खलबली मच गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए पुलिसकर्मी रायबरेली एम्स ले गए।मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने घटना की जांच सीओ कुंडा अमरनाथ को सौंपी। साथ ही थानाध्यक्ष दीप नारायण को निलंबित कर दिया है। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। किस हालत में उस तक धारदार हथियार पहुंचा। किस हथियार से गला काटा है। इसका पता लगाया जा रहा है। घायल शिवम की हालत खतरे से बाहर है। हालांकि शिवम पहले बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More