मुरथल से लौटते वक्त फ्लाईओवर पर भयंकर टक्कर, नांगलोई के तीन दोस्तों की जान गई

नई दिल्ली: रात के सन्नाटे में रफ्तार और लापरवाही ने तीन युवाओं की जिंदगी छीन ली। दिल्ली के स्वरूप नगर स्थित लिबासपुर फ्लाईओवर पर जीटी रोड पर एक बुलेट बाइक सवार तीन दोस्तों की भीषण सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी बिना हेलमेट के थे, जो हादसे की मुख्य वजह बनी। मुरथल से डिनर कर लौट रहे ये युवक नांगलोई के निवासी थे।

घटना मंगलवार रात करीब 1:35 बजे की है। स्वरूप नगर थाने में सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक क्षतिग्रस्त बुलेट बाइक के पास तीन अज्ञात युवक खून से लथपथ पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मुरथल से डिनर करने के बाद दिल्ली लौटते समय तेज रफ्तार में बाइक फ्लाईओवर के जर्सी बैरियर से जा टकराई। हादसे में तीनों युवक मौके पर ही दम तोड़ चुके थे।

पुलिस ने शवों को बुराड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों की शिनाख्त हो गई। मृतकों में 27 वर्षीय सुमित, 26 वर्षीय मोहित और 23 वर्षीय अनुज शामिल हैं। शवों को बीजआरएम अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया है।

पुलिस ने घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं पाया। प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि बुलेट बाइक जब्त कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More