गायत्री प्रसाद प्रजापति उम्रकैद की सजा जेल नहीं अस्पताल में काट रहे, चुनावी माहौल में बलरामपुर में फिर भर्ती

राष्ट्रीय जजमेंट

लखनऊ: गैंगरेप के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व मंत्री व सपा नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति इलाज के लिए फिर बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। उन्हें बुधवार दोपहर तीन बजे केजीएमयू के ऑर्थोपेडिक विभाग से बलरामपुर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, प्राइवेट वॉर्ड के कमरा नंबर 2023 में पांच डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है। फिलहाल स्पॉन्डिलाइटिस का इलाज किया जा रहा है। गायत्री इससे पहले भी इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल में दस महीने तक भर्ती रहे थे।
गायत्री प्रसाद प्रजापति साल 2017 से जेल में हैं। उन्हें नवंबर 2021 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद से लगातार अस्पतालों में भर्ती होते रहे हैं। जेल में 30 सितंबर को गायत्री प्रजापति पर एक कैदी ने हमला कर दिया था। इससे उनके सिर और शरीर के दूसरे अंगों में चोट आई थी। केजीएमयू प्रशासन के मुताबिक, पूर्व मंत्री के शरीर के विभिन्न हिस्सों में 18 टांके लगाए गए। कोई गंभीर चोट नहीं दिखी।फिर उन्हें हड्डी रोग विभाग में शिफ्ट करवाया गया था, जहां डॉ. नरेंद्र कुशवाहा की देखरेख में इलाज चल रहा था। केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि सर्जरी के बाद पूर्व मंत्री के सिर में लगी चोट काफी हद तक रिकवर हो गई है। हालांकि उनकी स्पॉन्डिलाइटिस की समस्या उभर आई है। ऐसे में उन्हें हड्डी रोग विभाग में भर्ती करवाया गया था। स्थिति बेहतर होने पर बलरामपुर अस्पताल भेज दिया गया है।जांच में गायत्री प्रसाद प्रजापति पिछले साल सितंबर में किडनी, डायबीटीज समेत कई दिक्कतों पर बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हुए थे। वह अगस्त 2025 तक प्राइवेट वॉर्ड में भर्ती रहे थे। इतने लंबे वक्त तक इलाज के बाद भी फायदा न होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर नहीं किया गया। तब प्राइवेट वॉर्ड की गैलरी के बाहर की जालियां पीले पर्दे से ढक दी गई थी। इस बार रात में लाइटें बंद रखी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More