रोहिणी में दो शातिर साइकिल चोर और एक खरीददार गिरफ्तार, 39 चोरी की साइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले में पुलिस ने ऑपरेशन पराक्रम के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। बुद्ध विहार थाने की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान दो शातिर चोरों और एक चोरी का माल खरीदने वाले को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 39 चोरी की साइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहिणी निवासी 27 वर्षीय अनिल उर्फ पिल्लू, सुल्तानपुरी निवासी 30 वर्षीय राहुल उर्फ राजा और चोरी का माल खरीदने वाले सुल्तानपुरी निवासी 24 वर्षीय इंतेजार के रूप में हुई हैं।

रोहिणी जिले के डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि जिले में चोरी, लूट और वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने रणनीतिक नाकाबंदी और गश्त तेज कर दी थी। 30 सितंबर को बुद्ध विहार थाने की एक विशेष टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल विकास, राजेश, मनदीप, कुलदीप और कांस्टेबल लोकेश, परमिंदर, विजय और विपिन शामिल थे, सेक्टर-23 के चाट पूजा पार्क के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिनकी पहचान बाद में अनिल उर्फ पिल्लू और राहुल उर्फ राजा के रूप में हुई। पुलिस को देखकर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से एक कटर और एक प्लायर बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने सुल्तानपुरी में अपने ठिकाने का खुलासा किया, जहां से पुलिस ने 39 चोरी की साइकिलें बरामद कीं। गहन पूछताछ में चोरी का माल खरीदने वाले इंतेजार की पहचान हुई, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी राजीव रंजन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ऑपरेशन पराक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाना है। इस ऑपरेशन के तहत इंस्पेक्टर करुणा सागर, थाना प्रभारी बुद्ध विहार, और एसीपी प्रशांत विहार कुसुम पाल मलिक की देखरेख में पुलिस ने यह कार्रवाई की। डीसीपी ने बताया कि चोरी और लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए जिले में रणनीतिक पिकेट्स और सघन गश्त जारी रहेगी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39 चोरी की साइकिलें बरामद की हैं, जो क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों से जुड़ी हो सकती हैं। पुलिस अब इन साइकिलों के मालिकों की पहचान करने और अन्य संभावित अपराधों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More