दिल्ली में स्वच्छता महा-अभियान, 71 स्थानों पर चली सफाई की मुहिम, मुख्यमंत्री से लेकर भाजपा नेता व कार्यकर्ता तक शामिल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित सेवा पखवाड़े के तहत मंगलवार सुबह दिल्ली के 71 स्थानों पर फ्लाईओवर और उनके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद, मंत्री, विधायक, नगर निगम पार्षद और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों के साथ मिलकर हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में संभाली कमान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में रिंग रोड के पास मरीना ड्रीम बैंक्वेट हॉल के आसपास स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। उनके साथ दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र इंद्रराज सिंह और नगर निगम में उपनेता जय भगवान यादव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अभियान में न केवल सांकेतिक सफाई की गई, बल्कि पूरे क्षेत्र में दीर्घकालिक स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी है। यह अभियान दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रिंग रोड पर रोज गार्डन और आईटीओ फ्लाईओवर के नीचे बस स्टॉप के आसपास स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। उनके साथ नगर निगम पार्षद रामकिशोर शर्मा और उत्तर-पूर्वी जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. यू.के. चौधरी सहित पीडब्ल्यूडी और एमसीडी के कर्मचारी शामिल हुए। सचदेवा ने कहा, “स्वच्छता अभियान एक दिन की औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। अगर हमें दिल्ली को सुंदर और स्वच्छ बनाना है, तो इसे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।” उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें और इस मुहिम में सक्रिय योगदान दें।

71 स्थानों पर एक साथ स्वच्छता की अलख

इस अभियान के तहत दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में फ्लाईओवर और उनके आसपास के क्षेत्रों को चिन्हित कर सफाई कार्य किया गया।

राजघाट बस स्टॉप पर दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा ने नगर निगम पार्षद संदीप कपूर और प्रदेश प्रवक्ता यासिर जिलानी के साथ स्वच्छता अभियान शुरू किया। लोहा पुल पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने एमसीडी कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस प्रतिष्ठित स्थल की सफाई की। उनके साथ नगर निगम पार्षद रेणु चौधरी भी मौजूद थीं। सराय काले खां पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल और नगर निगम पार्षद ब्रह्मा सिंह के साथ फ्लाईओवर के नीचे सफाई अभियान चलाया। आईएसबीटी कश्मीरी गेट सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने नगर निगम पार्षद अनिल त्यागी के साथ चंदगी राम अखाड़ा तक सड़क की सफाई शुरू की। नारायणा फ्लाईओवर पर सांसद कमलजीत सहरावत ने प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता कांगड़ा और विधायक उमंग बजाज के साथ सफाई अभियान की शुरुआत की। सफदरजंग और सरोजिनी नगर में दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने दक्षिण दिल्ली जिलाध्यक्ष माया बिष्ट और नगर निगम पार्षद अरुण भाटी के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। विधायक अजय महावर ने लाल किला के पीछे, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आरके पुरम, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजा गार्डन चौक, और अन्य नेताओं ने एम्स, आजादपुर, मोतीनगर, साउथ एक्सटेंशन, धौला कुआं, और दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस जैसे क्षेत्रों में सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “दिल्ली देश की राजधानी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा स्वच्छता को प्राथमिकता दी है। दिल्ली में देश के विभिन्न हिस्सों से लोग आकर रहते हैं और कमाते हैं। इसलिए, यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम दिल्ली को साफ-सुथरा और देश का सच्चा दिल बनाएं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता अभियान को एक दिन की औपचारिकता तक सीमित नहीं करना चाहिए, बल्कि इसे हर व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

भाजपा नेताओं का सामूहिक प्रयास

इस अभियान में दिल्ली भाजपा के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों जैसे सागर त्यागी, संतोष ओझा, अनीस अब्बासी, सुनील यादव, सी.एल. मीना, विनोद सहरावत, ऋचा पांडेय मिश्रा और मोहन लाल गिहारा ने भी सक्रिय भागीदारी की। विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई कार्य को गति दी। यह अभियान न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि दिल्लीवासियों को एकजुट होकर शहर को स्वच्छ बनाने का संदेश भी दिया  गया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More