दिल्ली में स्वाति मालीवाल ने राहत कैंपों का लिया जायजा, पंजाब के लिए दान किया एक महीने का वेतन

नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने बुधवार को दिल्ली के यमुना बाज़ार, आईटीओ और कश्मीरी गेट में बाढ़ राहत कैंपों का दौरा कर प्रभावित लोगों का हाल जाना। यमुना नदी का जलस्तर 6.97 मीटर पर पहुंचने से खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है, जिसके चलते निचले इलाकों में पानी घुस गया है। मालीवाल ने राहत कार्यों की समीक्षा की और दिल्ली सरकार, एनडीआरफ व एमसीडी अधिकारियों से समन्वय पर चर्चा की। उन्होंने एमसीडी से मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग तेज करने और दूषित पानी के कीटाणुशोधन की व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।

आईटीओ कैंप में मालीवाल ने 50 से अधिक परिवारों से मुलाकात की, जिन्हें यमुना के किनारे से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। कश्मीरी गेट में उन्होंने देखा कि एनडीआरफ की टीमें लगातार लोगों को निकाल रही हैं, लेकिन कुछ लोग घर छोड़ने में हिचक रहे हैं। यमुना बाज़ार में टेंट लगाने और राहत सामग्री वितरण की व्यवस्था का भी उन्होंने जायजा लिया। मालीवाल ने चेतावनी दी कि बढ़ता जलस्तर गंभीर खतरा है और संवेदनशील क्षेत्रों में तुरंत निकासी जरूरी है।

इस दौरान मालीवाल ने पंजाब में बाढ़ से बिगड़ी स्थिति को देखते हुए अपना एक महीने का वेतन दान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा, “उत्तर भारत में बाढ़ ने तबाही मचाई है। पंजाब की स्थिति बेहद गंभीर है। मैं अपना एक महीने का वेतन पंजाब सरकार को दान कर रही हूं।” उन्होंने उत्तर भारत में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और लोगों से राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की।

मालीवाल ने कहा, “मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि सरकार और एनडीआरफ के निकासी कार्यों में सहयोग करें। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए तय शेल्टरों में जाएं। पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए सभी को आगे आना चाहिए।” उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की भी मांग की।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More