शराब की दुकान पर चाकू और हॉकी से हमला, सेल्समैन गंभीर रूप से घायल, दो गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

नई दिल्ली: दिल्ली के भारत नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक सरकारी शराब की दुकान पर हुए हमले ने इलाके में दहशत फैला दी। इस मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय अकबर और 19 वर्षीय रेहान को गिरफ्तार किया है। यह हमला सुनियोजित हत्या की कोशिश का हिस्सा था, जिसमें 42 वर्षीय पीड़ित ज्ञान पाल सिंह पर कई बार चाकू से वार किया गया। पुलिस अब मुख्य साजिशकर्ता हनी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

उत्तर पश्चिम जिले के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि 31 अगस्त को रात करीब 8 बजे भारत नगर पुलिस स्टेशन को एकप पीसीआर कॉल मिली, जिसमें कॉलर ने बताया कि 10-12 अज्ञात लोग स्कूटी से आए और शराब की दुकान पर काम करने वाले एक व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन गंभीर रूप से घायल ज्ञान पाल सिंह बयान देने की स्थिति में नहीं थे। दुकान के मैनेजर यतीश कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1)/333/324(1)/3(5) के तहत हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूत्रों की मदद से जांच शुरू की। छापेमारी के बाद वजीरपुर निवासी अकबर और रेहान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि मुख्य साजिशकर्ता हनी ने अकबर को बुनकर कॉलोनी में अपने ऑफिस में पार्टी के लिए बुलाया था। वहां जहांगीरपुरी के 5-6 अन्य लोग भी मौजूद थे। 1-2 ड्रिंक के बाद हनी ने ज्ञानपाल सिंह की हत्या की साजिश रची। इसके बाद अकबर, रेहान और अन्य आरोपियों ने मिलकर शराब की दुकान पर हमला किया और पीड़ित पर कई बार चाकू से वार किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां उनकी पुलिस हिरासत मांगी गई है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More