दिल्ली में भाजपा नेताओं ने जनता के साथ सुना ‘मन की बात’ का 125वां संस्करण

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 125वें एपिसोड ने रविवार को दिल्ली में विशेष उत्साह पैदा किया। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद योगेंद्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी, बांसुरी स्वराज और प्रवीण खंडेलवाल सहित कई प्रमुख भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न समुदायों के साथ इस प्रेरणादायक कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर नेताओं ने मन की बात को सामाजिक जागरूकता, सकारात्मकता और राष्ट्र निर्माण का अनूठा मंच बताया।

इंद्रप्रस्थ रामलीला कमेटी के पंडाल में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने रामलीला कलाकारों व कमेटी सदस्यों के साथ मन की बात सुनी। इस दौरान प्रदेश मंत्री सारिका जैन भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के बाद लोगों को संबोधित करते हुए सचदेवा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम हर बार नई प्रेरणा और सीख का स्रोत बनता है। यह न केवल विचारों को दिशा देता है, बल्कि समाज को सकारात्मकता और राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की ऊर्जा भी प्रदान करता है।” उन्होंने बताया कि इस बार पीएम ने प्राकृतिक आपदाओं से लेकर कश्मीर में वाटर स्पोर्ट्स जैसे विविध विषयों पर चर्चा की, जो समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरक है। सचदेवा ने सभी से अपील की कि इस कार्यक्रम को परिवार के साथ सुनें ताकि इसके संदेश को व्यापक स्तर पर फैलाया जा सके।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री हर महीने के आखिरी रविवार को देशवासियों से सीधा संवाद करते हैं, जो विश्व में किसी अन्य नेता द्वारा किया जाने वाला अनूठा प्रयास है। मन की बात देश की समृद्ध संस्कृति, रिवाजों और विकास की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाता है।” उन्होंने इस कार्यक्रम को सामाजिक एकता और प्रगति का प्रतीक बताया।

दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में मन की बात को सुनने के लिए विशेष आयोजन किए गए। मंगोलपुरी के वार्ड ए में संगठन महामंत्री पवन राणा ने जिला अध्यक्ष रामचंद्र चावड़िया और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, प्रदेश भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश ने कार्यकर्ताओं के साथ इसे सुना।

सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने पुथ खुर्द के वार्ड 29 में सेक्टर 34 के मनोकामना अपार्टमेंट में निगम पार्षद अंजू अमन और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। कमलजीत सहरावत ने द्वारका में अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच इस प्रेरणादायक संदेश को साझा किया। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने तुगलकाबाद गांव की चौपाल पर ग्रामीणों, निगम पार्षद रोहतास कुमार, जिला उपाध्यक्ष अमित बिधूड़ी और मंडल अध्यक्ष अनिल बिधूड़ी के साथ इसे सुना।

नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने जी.के-1 के जमरूदपुर डीडीए पार्क में केंद्रीय राज्यमंत्री सुकांता मजूमदार, विधायक सतीश उपाध्याय, शिखा रॉय, नीरज बसोया, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल और जिला अध्यक्ष रवींद्र चौधरी के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। तालकटोरा स्टेडियम में सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने अग्रवाल समाज और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों के साथ मन की बात सुनी।

मन की बात के इस एपिसोड में पीएम मोदी ने देश के विभिन्न मुद्दों पर प्रकाश डाला, जिसमें प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की रणनीतियां, पर्यावरण संरक्षण, और कश्मीर जैसे क्षेत्रों में उभरते अवसर शामिल रहे। नेताओं ने इस कार्यक्रम को सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का प्रभावी मंच बताया। दिल्ली के विभिन्न आयोजनों में शामिल कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पीएम के संदेशों को अपने जीवन में लागू करने का संकल्प लिया।

भाजपा नेताओं ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मन की बात के संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं। यह कार्यक्रम न केवल सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को उजागर करता है, बल्कि देशवासियों को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित भी करता है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More