दक्षिण दिल्ली को नगर निगम की सौगात: फतहपुर बेरी में 100 बिस्तर का अस्पताल, चंदनहोला में 12वीं तक स्कूल को मंजूरी

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का रास्ता साफ हो गया है। फतहपुर बेरी में 100 बिस्तरों वाला अस्पताल और चंदनहोला गांव में पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूल के निर्माण के लिए दिल्ली नगर निगम ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसके लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने पर सहमति जताई गई है।

दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और छतरपुर विधायक करतार सिंह तंवर ने बताया कि उन्होंने दिल्ली नगर निगम के आयुक्त अश्विनी कुमार के साथ फतहपुर बेरी में नगर निगम के अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल के पास उपलब्ध जमीन पर 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे निगमायुक्त ने स्वीकार कर लिया। इस अवसर पर एमसीडी की स्थायी समिति के डिप्टी चेयरमैन सुंदर सिंह तंवर और साउथ जोन के अध्यक्ष उमेद सिंह फोगाट भी मौजूद थे। क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय के लिए निगमायुक्त का आभार जताया।

इसके अतिरिक्त, चंदनहोला गांव में नगर निगम के प्राथमिक स्कूल का भी दौरा किया गया। बिधूड़ी ने बताया कि बढ़ती आबादी के कारण क्षेत्र में उच्चतर कक्षाओं की पढ़ाई की मांग लंबे समय से थी। निगमायुक्त से पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूल के लिए जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, जिस पर अश्विनी कुमार ने सैद्धांतिक सहमति दी। यह स्कूल क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसके साथ ही, फतहपुर बेरी के नगर निगम अस्पताल परिसर में निगमायुक्त और जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण भी किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जाहिर हुई। बिधूड़ी ने कहा, “ये परियोजनाएं दक्षिण दिल्ली के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाएं प्रदान करेंगी।”

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More