दिल्ली में पूर्व सैन्य अधिकारियों ने सुनी ‘मन की बात’, नड्डा सहित कई नेता रहे मौजूद

नई दिल्ली: दिल्ली भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को सभी 14 संगठनात्मक जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का आयोजन किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, सांसद, विधायक और स्थानीय लोग शामिल हुए। खास बात यह रही कि दिल्ली में पहली बार बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने डिफेंस कॉलोनी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज के साथ पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ ‘मन की बात’ सुनी। स्थानीय विधायक नीरज बसोया के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक संजय मयूख, दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी, शहजाद पूनावाला, प्रदेश प्रवक्ता यासिर जिलानी और मन की बात के दिल्ली संयोजक राजन तिवारी व विक्रम मित्तल भी उपस्थित थे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम देश की सकारात्मक पहलों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन चुका है और अब यह एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने हाल ही में इंटरनेशनल केमिस्ट्री और मैथेमैटिकल ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए इसे देश के लिए गर्व का विषय बताया।

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली के घड़ौली में मयूर विहार जिला कार्यकर्ताओं और संगठन महामंत्री पवन राणा के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश को जोड़ने का अनूठा मंच है। सांसद मनोज तिवारी ने वजीराबाद गांव में विधायक सूर्य प्रकाश खत्री के साथ, रामवीर सिंह बिधूड़ी ने गोविंदपुरी में और प्रवीण खंडेलवाल ने आनंद निकेतन में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। बादली विधानसभ में सांसद योगेंद्र चांदोलिया और स्थानीय नेताओं ने हिस्सा लिया। चांदोलिया ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और देश की परंपराओं को बढ़ावा देता है। सांसद कमलजीत सहरावत ने कुंवर सिंह वार्ड में टेक्सटाइल सेक्टर पर पीएम के विचारों की सराहना की, इसे भारत की सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक बताया। दिल्ली सरकार के मंत्री डॉ. पंकज सिंह भी मौजूद थे।

नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि ‘मन की बात’ एक आशावादी कार्यक्रम है, जो युवाओं में आत्मविश्वास जगाता है। उन्होंने पीएम द्वारा स्पेस सेक्टर और महिलाओं के वेस्ट मैनेजमेंट प्रयासों के उल्लेख की सराहना की। सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने चंद्रयान-3 की सफलता के बाद बच्चों में बढ़ते नवाचार उत्साह और ‘इंस्पायर-मानक अभियान’ के तहत स्कूलों से उभर रहे नवोन्मेषी विचारों की चर्चा की।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More