भाजपा अध्यक्ष ने केजरीवाल सरकार में असहाय महिला पेंशन में 200 करोड़ के गबन का लगाया आरोप

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल सरकार पर असहाय महिला पेंशन योजना में बड़े पैमाने पर घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि वर्तमान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए। सचदेवा ने दावा किया कि जांच में 83 हजार से अधिक पंजीकृत महिलाओं के मामले फर्जी या संदिग्ध पाए गए हैं, जिसके तहत 60 हजार से अधिक फर्जी मामलों में लगभग 200 करोड़ रुपये से अधिक का वार्षिक गबन हुआ।

सचदेवा ने बताया कि 2010 के एक आदेश के तहत दिल्ली सरकार 1 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाली या पूर्णतः असहाय महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक पेंशन देती है। गत वर्ष भाजपा विधायकों और कुछ समाचार पत्रों ने इस योजना में हेरफेर के संदेह जताए थे, जिसके बाद दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था।

उचित स्वीकृति के बाद अक्टूबर 2024 में शुरू हुई जांच को तत्कालीन सरकार ने फरवरी 2025 तक आगे बढ़ने नहीं दिया। हालांकि, अब पत्रकारों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, जांच पूरी हो चुकी है और इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। कुल 3,81,539 पंजीकृत असहाय महिलाओं में से 60,573 मामले फर्जी पाए गए, जहां पंजीकृत महिलाएं दिए गए पते पर नहीं मिलीं और कई मामलों में पते भी फर्जी पाए गए। इसके अलावा, 22,795 मामलों में डुप्लीकेट या अन्य अनियमितताएं सामने आई हैं।

सचदेवा ने कहा कि 60 हजार से अधिक फर्जी मामलों के जरिए हर साल 200 करोड़ रुपये से अधिक का गबन हुआ। उन्होंने सवाल उठाया, “दिल्ली की जनता जानना चाहती है कि यह 200 करोड़ रुपये हर माह किसकी जेब में गए? क्या यह पैसा मंत्रियों, विधायकों, कार्यकर्ताओं, अधिकारियों या आम आदमी पार्टी के चुनावी चंदे में गया?”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है ताकि दोषियों को बेनकाब कर सजा दी जा सके। उन्होंने कहा कि यह घोटाला असहाय महिलाओं के हक पर डाका डालने जैसा है और दिल्ली की जनता इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराना चाहती है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More