मंडावली में डकैती के दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद

नई दिल्ली : दिल्ली के पूर्वी जिले के मंडावली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों के जरिए एक हालिया डकैती के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपू राजपूत उर्फ दीपक (22 वर्ष) और तेज प्रताप सिंह (29 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी हुआ मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त अभिषेक धनिया ने बताया कि 3 जुलाई को संतोष कुमार, निवासी लक्कड़पुर, फरीदाबाद ने शिकायत दर्ज की कि 24 जून को रात करीब 10 बजे, नरवान रोड के अदिति पार्क में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर उनकी कीमती वस्तुएं लूट लीं। लूटी गई वस्तुओं में एक रेडमी मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, 10वीं कक्षा का प्रमाण पत्र, रियलमी नेकबैंड, एक पोर्टेबल हार्ड डिस्क, टूल किट, 8 पेन ड्राइव और आठ हजार रुपये नकद शामिल थे। शिकायत के आधार पर मंडावली थाने में मामला दर्ज किया गया।

मयूर विहार के एसीपी और मंडावली थाने के एसएचओ की निगरानी में गठित पुलिस टीम ने स्थानीय सूचना और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 4 जुलाई को मोटरसाइकिल की पहचान की, जिसका उपयोग आरोपियों ने भागने में किया था। इसके बाद, गहन छापेमारी और गुप्त सूचना के आधार पर दीपू राजपूत को मंडावली की गली नंबर 1 से और तेज प्रताप सिंह को नरवान रोड से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुनसान इलाकों में देर रात अकेले चलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। वे तेजी से डकैती को अंजाम देकर मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे। दोनों आरोपी स्कूल ड्रॉपआउट और बेरोजगार हैं। उन्होंने बताया कि त्वरित पैसा कमाने और अपनी निजी इच्छाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने यह रास्ता चुना।

पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त अभिषेक धनिया ने कहा, “हमारी टीम की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से इस मामले को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया। हम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और अपराधों को रोकने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।”

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More