योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी

राष्ट्रीय जजमेंट

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें वेदांत के प्रकाश से सनातन संस्कृति को वैश्विक पटल पर स्थापित करने का श्रेय दिया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, चुनौती जितनी बड़ी होगी, जीत उतनी ही शानदार होगी। सभ्यता, संस्कार और स्वाभिमान के उद्घोष- गर्व से कहो हम हिन्दू हैं के द्वारा सोए हुए भारत को जागृत करने वाले युवा संन्यासी, ‘राष्ट्रऋषि’ स्वामी विवेकानंद जी को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि!

उन्होंने कहा, आपने (स्वामी विवेकानंद ने) वेदांत, सेवा और आत्मबल के आलोक से सनातन संस्कृति को विश्वमंच पर प्रतिष्ठित किया। राष्ट्रनिर्माण की आपकी दृष्टि और ‘उठो, जागो’ का मंत्र, युगों तक युवा भारत का पथप्रदर्शक बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक समेत कई नेताओं ने भी शुक्रवार को विवेकानंद को याद किया। महान आध्यात्मिक नेता, दार्शनिक और विचारक स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था और चार जुलाई 1902 को उनका निधन हो गया था।

उन्हें 1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में अपने अविस्मरणीय संबोधन के लिए याद किया जाता है जहां उन्होंने भारत की संस्कृति और परंपरा को मजबूत छवि के साथ दुनिया के सामने पेश किया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More