दिग्गजों को पछाड़ सपा के मुखिया बने थे अखिलेश यादव, कहे जाते थे युवाओं के नेता

राष्ट्रीय जजमेंट

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 01 जुलाई को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव के बाद उनकी विरासत के उत्तराधिकारी बन गए। समय के साथ अखिलेश यादव ने खुद को इस तरह से तराशा कि वह आज राजनीति जगत का एक नाम बन गए हैं। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर अखिलेश यादव के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में 01 जुलाई 1973 को अखिलेश यादव का जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम मुलायम सिंह यादव जोकि समाजवादी पार्टी के नेता थे और उनकी मां का नाम मालती देवी था। अखिलेश यादव ने राजस्थान मिलिट्री स्कूल धौलपुर से शिक्षा पूरी की और फिर आगे की पढ़ाई उन्होंने विदेश में की थी। वहीं 24 नवंबर 1999 को अखिलेश यादव ने डिंपल यादव से शादी की थी।
बता दें कि अखिलेश यादव यूपी के सबसे युवा मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। इससे पहले वह लगातार 3 बार सांसद भी रह चुके हैं। साल 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी का नेतृत्व किया था और चुनाव में जीत हासिल कर सपा ने राज्य में सरकार बनाई थी। हालांकि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव का जादू नहीं चल सका और सत्ता भारतीय जनता पार्टी ने संभाली। वहीं साल 2022 में भी समाजवादी पार्टी सत्ता का स्वाद नहीं चख पाई।साल 2022 के विधानसभा चुनाव में करहल सीट से मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रो.सत्यपाल सिंह बघेल को शिकस्त देकर अखिलेश यादव पहली बार विधायक बने। इसके लिए उन्होंने आजमगढ़ की लोकसभा सदस्य से इस्तीफा दे दिया। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से बीजेपी के सुब्रत पाठक को हराया और संसदीय सीट अपने नाम की। इस सीट पर अखिलेश यादव का पुराना जुड़ाव है, साथ ही यह सपा का प्रमुख गढ़ भी माना जाता है।साल 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में गठित इंडिया गठबंधन ने मोदी लहर में कमाल दिखाया। इस लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने 43 सीटें अपने नाम की। खास बात यह रही कि यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 37 सीटें अकेले सपा के हिस्से में आईं।
अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे बनवाया था। जोकि भारत का सबसे आधुनिक एक्सप्रेस वे है। इसके अलावा अखिलेश यादव ने यूपी 100 पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस फ्री सेवा और महिलाओं के लिए 1090 सुविधा शुरू की। इसके साथ ही उनके कार्यकाल में लखनऊ इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ मेट्रो रेल, जनेश्वर मिश्र पार्क और जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर जैसी कई उपलब्धियां हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More