मंडावली थाना पुलिस ने छह अवैध बांग्लादेशीयों को किया गिरफ्तार, निर्वासन प्रक्रिया शुरू

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिले ने अवैध बांग्लादेशी अप्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। मंडावली पुलिस स्टेशन की एक टीम ने दिल्ली-एनसीआर में छह बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है, जो बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रही थीं। इनके निर्वासन की प्रक्रिया विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के सहयोग से शुरू कर दी गई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी अभिषेक धानिया ने बताया कि यह कार्रवाई नवंबर 2024 से चल रहे एक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत अवैध अप्रवासियों की पहचान और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत अब तक जिले में 15 अवैध बांग्लादेशी अप्रवासियों को पकड़ा और निर्वासित किया जा चुका है। बीती 29 अप्रैल को मंडावली पुलिस स्टेशन को गुप्त सूचना मिली कि क्षेत्र में अवैध बांग्लादेशी अप्रवासी छिपे हुए हैं। इस जानकारी के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत मंडावली के धीरज ब्लॉक क्षेत्र में छापेमारी की और एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया।

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में उसने ऐसी जानकारी दी, जिसके आधार पर पहाड़गंज क्षेत्र से पांच अन्य बांग्लादेशी महिलाओं को पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि ये सभी महिलाएं बिना किसी वैध दस्तावेज के भारत में अवैध रूप से रह रही थीं। हिरासत में ली गईं महिलाओं की पहचान 23 वर्षित मीम अख्तर, 35 वर्षित मीना बेगम, 36 वर्षित शेख मुन्नी, 25 वर्षित पायल शेख, 36 वर्षित सोनिया अख्तर और 34 वर्षित तानिया खान के रूप में हुई हैं। ये सभी महिलाएं 8 महीने से 2 वर्ष की अवधि से भारत में विभिन्न स्थानों पर रह रही थीं और अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार स्थान बदल रही थीं।

डीसीपी धानिया ने बताया कि इन अप्रवासियों और उनके अवैध प्रवेश में सहायता करने वालों के खिलाफ विदेशी अधिनियम, 1946 और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियों या अवैध अप्रवासियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने इस अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया है ताकि दिल्ली में अवैध अप्रवास के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More