केजरीवाल ने शीला दीक्षित पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा दिए, लेकिन एक भी साबित नहीं हुए, चांदनी चौक में प्रियंका गांधी ने गिनाए कांग्रेस के किए काम

राष्ट्रीय जजमेंट

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने चांदनी चौक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह बहुत स्पष्ट है कि शीला दीक्षित जी ने दिल्ली में क्या-क्या काम किए हैं… उन्होंने दिल्ली में पेय जल दिलवाया और सीवर की सफाई समेत कई काम कराए थे… वे दिन-रात काम करती थी। अरविंद केजरीवाल ने उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा दिए मगर एक भी आरोप साबित नहीं हुआ था… जो राजनीति एक दूसरे से लड़ाती है वह सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए काम करती है… प्रधानमंत्री मोदी का 80 फीसदी भाषण दूसरों की आलोचना में खत्म हो जाता है… वे हर चीज़ का दोष जवाहरलाल नेहरू पर डालते हैं।

दिल्ली के लिए कांग्रेस की गारंटियां गिनाते हुए प्रियंका ने कहा कि प्यारी दीदी योजना- महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये, जीवन रक्षा योजना- 25 लाख तक का मुफ्त इलाज, युवा उड़ान योजना- 8500 रु/माह पर 1 साल की अप्रेंटिसशिप, फ्री बिजली योजना- 300 यूनिट बिजली फ्री, महंगाई मुक्ति योजना- 500 में गैस सिलेंडर, फ्री राशन किट, पूर्वांचली भाई-बहनों के लिए- अलग मंत्रालय और अलग बजट होगा।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है, रुपया गिर रहा है, मासिक किस्त महंगी हो गई है, शेयर बाजार गिर रहा है , कर का बोझ बढ़ रहा है और हर सामान पर जीएसटी लगा है। उन्होंने कहा कि जनता को लगातार कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा, हमारा संविधान सभी के लिए बना, जिसमें सभी के अधिकार समान हैं। संविधान ने आपको वोट की शक्ति दी है, जिससे आप अपनी सरकार चुनते हैं। आपका वोट संविधान को मजबूत भी कर सकता है और कमजोर भी कर सकता है। इसलिए आपको बहुत सोच-समझकर अपना निर्णय लेना होगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More