रणदीप सुरजेवाला ने मुंबई में कहा, महायुति ने महाराष्ट्र के कौशल और संसाधनों को लूटा

राष्ट्रीय जजमेंट

मुंबई। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने रविवार को सत्तारूढ़ महायुति पर मुंबई और महाराष्ट्र के कौशल व संसाधनों को लूटने और दलबदल के जरिये लोकतंत्र पर हमला करने का आरोप लगाया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव सुरजेवाला ने मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा, शिवसेना और राकांपा के गठबंधन महायुति पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इसके शासन में खूंखार बदमाशों को संरक्षण दिया जा रहा है और कुख्यात अपराधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।सुरजेवाला ने कहा, ‘बॉलीवुड समेत मनोरंजन उद्योग को खुलेआम धमकियां दी गईं और नेताओं की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। क्या यह सत्ता में बैठे लोगों की सक्रिय या मौन मिलीभगत के बिना हो सकता है?’ उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन पर मुंबई और महाराष्ट्र में औद्योगिक क्रांति को नष्ट करने, नयी परियोजनाओं, निवेश और नौकरियों को राज्य से बाहर धकेलने का आरोप लगाया।सुरजेवाला ने दावा किया कि मुंबई और महाराष्ट्र के कौशल और संसाधनों को सत्तारूढ़ महायुति के रूप में छद्म आक्रमणकारी लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘महायुति द्वारा खड़ी की गई महंगाई’ ने शहर और राज्य के लोगों के जीवन को नरक बना दिया है।सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह बॉलीवुड और प्रमुख कलाकारों को जान से मारने की धमकियां दे रहा है और उनके आवासों पर गोलीबारी की जा रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने बांद्रा में पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि इस मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया और महाराष्ट्र में बंदूक व गुंडा राज उजागर हो गया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More