कांग्रेस की वही स्थिति हो जाएगी, जो जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 का हुआ… छठ के मौके पर बोले CM Yogi

राष्ट्रीय जजमेंट

छठ महापर्व के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में गोमती घाट पर लक्ष्मण मेला मैदान पहुंचे और छठ पर्व में हिस्सा लिया। योगी आदित्यनाथ ने वहां छठ पूजा किया और इसके बाद मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि आज छठ मां पर न केवल भोजपुरी समाज का बल्कि अखिल भारतीय समाज का उत्सव बन गया है। उन्होंने आगे कहा कि भोजपुरी समाज आज संपूर्ण विश्व में ‘छठ’ की सुगंध को अपने साथ ले जाकर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रहा है। ‘छठ’ महापर्व की हृदय से बधाई एवं इस आयोजन हेतु अखिल भारतीय भोजपुरी समाज को ढेरों शुभकामनाएं!
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि हमारे पर्व और त्योहार तभी तक जीवित है, जब तक हमारा राष्ट्रीय धर्म जीवित है। पर्व-त्योहार हमें जोड़ते हैं। लेकिन हमारा राष्ट्रीय धर्म भी होना चाहिए। राष्ट्रीय धर्म में हर काम देश के नाम होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही करते हैं और उनका संकल्प भी यही है। उन्होंने साफ तौर कहा कि हम जहां पर्व-त्यौहार के माध्यम से लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं तो कुछ लोग ऐसे भी हैं जो भारत में रहकर भारत की संस्कृति, भारत के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्य जो लोग भी कर रहे हैं, किसी भी भारतवासी को यह बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब 140 करोड़ भारतवासी एकजुट होकर एक साथ बोलते हैं तो पूरी दुनिया हमारी बात सुनती है।

योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान जम्मू कश्मीर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा 370 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में हटाए। उन्होंने कहा कि 370 समाप्त कर मोदी सरकार ने आतंकवाद पर अंतिम कील ठोकने का काम किया था। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को लगा कि यह नया भारत है। यह नया भारत किसी का नुकसान नहीं पहुंचाएगा। लेकिन अगर कोई इस भारत को छेड़ेगा तो छोड़ेगा भी नहीं। यह भारत ना झुकेगा, ना डिगेगा। हमेशा आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अपनी एकता और अखंडता को मजबूत रखेगा। उन्होंने कहा कि कश्मीर में कांग्रेस के समय में उसे आतंकवाद का घर बनाने की कोशिश की गई थी। बाबा साहब अंबेडकर के संविधान में जो कुछ लिखा गया था उसे अलग किया गया। किसी ने भी हिम्मत नहीं दिखाई। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां से 370 हटाई। उन्होंने कहा कि जिस कश्मीर में पत्थर बाज पहले पत्थर मारते थे, आज वही कश्मीर एक बार फिर से भारत का स्वर्ग बनने की ओर अग्रसर है।

जम्मू कश्मीर के विधानसभा में धारा 370 के हटाए जाने के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया है। इसको लेकर भी योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस इसको बांटने की कोशिश कर रहे हैं। यह देश को आतंकवाद की तरफ बढ़ना चाहते हैं। पूरा देश इसे देख रहा है। हम सब इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने से बाज आना चाहिए। योगी ने तंज भरे लहजे में कहा कि भारत में कांग्रेस की वही स्थिति हो जाएगी, जो जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35-A की हो चुकी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More