झारखंड में बोले राजनाथ सिंह, जेएमएम-कांग्रेस अब फुस्स हो चुके पटाखे, भाजपा एक शक्तिशाली रॉकेट है

राष्ट्रीय जजमेंट

झारखंड के रांची में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावक रहे मंडल मुर्मू के भाजपा में शामिल होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि झारखंड में कौन सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मंडल मुर्मू ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के प्रस्तावक के रूप में अपना नाम वापस ले लिया है और बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है। मंडल मुर्मू समझ गये कि झामुमो की नैया डूब रही है। साफ है कि एनडीए यहां सरकार बनाएगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि झामुमो, कांग्रेस, राजद अब फुस्स हो चुके पटाखे हैं, भाजपा एक शक्तिशाली रॉकेट है जो झारखंड को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। अपना हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि जेएमएम का मतलब ‘जमकर मलाई मारो’ है, यह आदिवासियों का खून चूसता है। राजनाथ सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि मैं हेमंत सोरेन से पूछता हूं कि घुसपैठिए झारखंड में क्यों आ रहे हैं?, आदिवासी आबादी 28 प्रतिशत तक क्यों सिमट गई? उन्होंने लोगों से अपील की कि भाजपा को दो कार्यकाल दीजिए, झारखंड विकसित राज्यों की कतार में होगा। भाजपा नेता ने कहा कि झारखंड में अब तक यहाँ के सात मुख्यमंत्रियों में से तीन को जेल जाना पड़ा है। इनमें एक भी मुख्यमंत्री भाजपा का नहीं है। भाजपा ने हमेशा ठीक ढंग से सरकार चलाई है। JMM की सरकार जब जब आयी भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि JMM, कांग्रेस और राजद ने झारखंड को ठगा है। ये दल इस प्रदेश के विकास में स्पीडब्रेकर बने हुए हैं। ये स्पीडब्रेकर इस बार के चुनावों में तोड़ दीजिये। राजनाथ ने कहा कि देशभर में करीब 60 हज़ार आदिवासी गांवों के विकास के लिए विशेष योजना की घोषणा की गई है। आदिवासियों में भी जो पिछड़े हैं उनके विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना चलाई है। मोदीजी ने आदिवासी कल्याण की चिंता की है। उन्होंने दावा किया कि म झारखंड में सरकार बनने पर अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ को रोकने और आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा करेंगे। घुसपैठियों द्वारा कब्जाई आदिवासी जमीन को वापस लौटाने के लिए कानून बनाएंगे। वरिष्ठ नेता ने कहा कि झारखंड में सरकार बनने पर ‘गोगो दीदी योजना’ के माध्यम से हर महीने की 11 तारीख को झारखंड की सभी महिलाओं के बैंक खाते में 2100 रुपये प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में सरकार बनने पर हम लोग फूलो-झानो पढ़ो बिटिया’ योजना के तहत राज्य के गरीब और पिछड़े वर्ग की प्रत्येक बालिका को केजी से पीजी (KG to PG) तक मुफ्त शिक्षा प्रदान करेंगे। झारखंड में सरकार बनने पर धान की खरीद की दर को 3,100 रु. प्रति क्विंटल तक बढ़ाएंगे।बिना कटनी – छटनी के पूरे वजन का पैसा खरीद के 24 घंटे के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More