दक्षिण दिल्ली में नाबालिग की हत्या करने के आरोप में पांच लड़के पकड़े गए

राष्ट्रीय जजमेंट

दिल्ली पुलिस ने एक प्रतिद्वंद्वी समूह के साथ झड़प के दौरान एक नाबालिग की कथित तौर पर हत्या करने और एक अन्य को घायल करने के आरोप में पांच किशोरों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे संगम विहार के रविवार बाजार रोड पर दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच हिंसक झड़प के कारण हुई। उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान, दूसरे समूह के सदस्यों ने एक किशोर को एक दर्जन से अधिक बार चाकू मारा, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल होने के बावजूद भागने में सफल रहा।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) राकेश पावरिया ने कहा, ‘‘जांच के दौरान, यह पता चला कि हत्या इस्लाम और हरि किशन नामक दो स्थानीय गिरोहों के बीच प्रतिद्वंद्विता का परिणाम थी। इस्लाम और हरि किशन वयस्क हैं।’’उन्होंने कहा कि पीड़ित इस्लाम के साथी थे। उन्होंने बताया कि इस्लाम स्थानीय अपराधी है और क्षेत्र में हत्या के प्रयास, डकैती और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के कई मामलों में संलिप्त रहा है।अधिकारी ने कहा कि इस्लाम फिलहाल फरार है। उन्होंने कहा कि अपराध शाखा की टीम ने शुक्रवार देर रात संगम विहार से पांच किशोरों को पकड़ा, जो हमले में कथित रूप से शामिल थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More