दिल्ली में बाढ़ का खतरा! लगातार बढ़ रहा यमुना का जलस्तर, जानें केजरीवाल सरकार की तैयारी

राष्ट्रीय जजमेंट

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से नदी में पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। दिल्ली के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को स्थिति का जायजा लिया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हथिनी कुंड बैराज से करीब 13,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। ओल्ड दिल्ली ब्रिज पर जलस्तर 204 के आसपास है। यह चेतावनी स्तर के करीब है और जल्द ही यह चेतावनी स्तर तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि मैंने सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ स्थिति का निरीक्षण किया है। दिल्ली के मंत्री ने आगे कहा कि हमने लोगों से यमुना नदी से दूर रहने को कहा है। पहले चेतावनी स्तर होता है और फिर खतरे का स्तर होता है। जब यह खतरे के स्तर पर पहुंच जाता है, तो बचाव और निकासी की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और हमने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए कदम उठाए हैं। हरियाणा से करीब 13,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि इन्हीं सभी तैयारियों का बाढ़ नियंत्रण विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। यमुना के किनारे रहने वाले लोगों को अभी बेहद सावधान रहने की जरुरत है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को छिटपुट बारिश हुई, जिसके कारण तापमान में गिरावट आई और शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव के चलते यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 12.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। लोधी रोड पर 13.6 मिलीमीटर, पालम पर 10.5 मिलीमीटर और नजफगढ़ में 30 मिमी बारिश हुई।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More